कुश्ती से फिल्म और फिल्मों से राजनीति में आए पूर्व सांसद दारासिंह का कहना है कि पाकिस्तान के आतंकियों द्वारा मुंबई पर हमले की घटना को देखते हुए भारत पाक रिश्तों के बीच क्रिकेट को नहीं घसीटा जाना चाहिए।
राज्यसभा में मनोनीत सांसद रह चुके 81 वर्षीय दारासिंह ने कहा कि क्रिकेट एक पेशेवर खेल है और इसे लेकर दोनों मुल्कों के बीच नहीं घसीटा जाना चाहिए। दोनों मुल्कों के खिलाड़ियों में दोस्ती है। चंद आतंकियों के कारण उनके बीच दीवार खड़ी नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर सुरक्षा की दृष्टि से भारतीय क्रिकेट टीम को भविष्य में पाकिस्तान न भेजा जाए तो बात समझ में आती है1 संभव है खेलमंत्री एमएस गिल ने शायद इसी दृष्टि से गत दिनों अपना बयान दिया हो1 कुछ दिन के लिए भले रिश्ते तोड़ लिए जाएँ, पर खेल के लिए यह अच्छा नहीं होगा।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वह अपने जीवन से संतुष्ट हैं। अब उनकी राजनीति में रुचि नहीं है। वह खेल की घटनाओं के बारे में पढ़ते रहते हैं और मुंबई में रहकर रिटायर जीवन गुजार रहे हैं।
सिंह इस उम्र में भी कद्दावर बने हुए हैं, पर घुटने में दर्द रहने के कारण उन्हें चलने में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि कुछ चिकित्सकों ने उन्हें घुटने का ऑपरेशन कराने की सलाह दी है। |