- वेबदुनिया न्यूज
भारत की वनडे और टेस्ट टीम में बतौर कप्तान सफलता की नई मंजिलें तय करने वाले महेन्द्रसिंह धोनी ने गुरुवार को एक आदर्श मुहिम की शुरुआत की है। मुंबई में आतंकी हमले के पीड़ित लोगों के लिए उन्होंने अपने 2 मैचों की फीस देने की घोषणा की है।
धोनी के मुताबिक मैं पीड़ितों के लिए एक छोटा-से योगदान देने की पहल कर रहा हूँ। मुझे उम्मीद है कि देश के इस सबसे बड़े आतंकी हमले में मेरा साथ टीम के अन्य सदस्य भी देंगे। मुझे यह भी उम्मीद है कि मेरे साथी खिलाड़ी भी मुंबई पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएँगे।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान धोनी के दो मैचों की फीस बनती है कुल 6 लाख रुपए। यदि अन्य खिलाड़ी भी मदद के लिए आगे आएँगे तो सहायता राशि की रकम काफी अधिक हो सकती है।
सनद रहे कि 26 नवम्बर को देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई में हुए आतंकी हमले में 183 लोगों की मौत हो गई थी और 350 लोग घायल हुए थे। यह घटना तब हुई थी, जब कटक में भारत ने इंग्लैंड को डे-नाइट मैच में हराया था।
मैच खत्म होते ही मुंबई की सड़कों पर आतंकवादियों ने मौत बाँटनी शुरू कर दी, जो बाद में पाँच सितारा होटलों तक पहुँच गई थी। इस खबर को भारतीय क्रिकेटर 27 नवम्बर की सुबह 5 बजे तक एक ही कमरे में टीवी पर बैठकर देखते रहे थे। शायद इसी का असर है कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान के दिल में मदद देने का विचार आया हो। |