भारतीय कप्तान महेंद्रसिंह धोनी खुद को पर्याप्त सुरक्षा न मिलने पर नाखुश होकर गुरुवार को चेन्नई जाने के लिए बिना सुरक्षाकर्मियों के ही बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पहुँचे। इस विकेटकीपर बल्लेबाज के पूर्व कोच ने यह दावा किया।
धोनी के आज सुबह चेन्नई रवाना होने के बाद उनके पूर्व कोच चंचल भट्टाचार्य ने कहा धोनी की सुरक्षा अपर्याप्त थी। उसके रिश्तेदार गौतम ने इस संबंध में झारखंड पुलिस से कई बार संपर्क किया है।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए टीम चयन की बैठक में हिस्सा लेने के लिए धोनी चेन्नई रवाना हुए। भट्टाचार्य ने कहा धोनी बिना सुरक्षा के ही टीम चयन बैठक के लिए चेन्नई के लिये रवाना हुए। झारखंड के खेल मंत्री बंधु टिर्की ने हालाँकि इन दावों से इनकार करते हुए कहा कि धोनी की सुरक्षा में कोई कमी नहीं थी।
उन्होंने कहा मैंने पुलिस प्रमुख से बात की और मुझे पता चला कि धोनी की सुरक्षा का कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा मैंने आप सभी से अपील करता हूँ कि इन चीजों को बढ़ा-चढ़ा कर पेश न करें और 15 फरवरी से शुरू होने वाले राष्ट्रीय खेलों की कवरेज पर ध्यान लगाएँ।
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता एसएन प्रधान ने बताया धोनी को जेड सुरक्षा दी गई थी, जो पर्याप्त थी। यह पूछे जाने पर कि क्या धोनी ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की माँग की थी तो प्रधान ने कहा शायद वे कई पुलिसकर्मियों के घिरे रहने से नाखुश हों। |