इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के अध्यक्ष जाइल्स क्लार्क ने केविन पीटरसन और उनकी टीम के अगले हफ्ते होने वाली टेस्ट श्रृंखला के लिए भारत लौटने का संकेत देते हुए कहा कि वह आतंकवाद को क्रिकेट को अपने हिसाब से नहीं चलाने देंगे।
क्लार्क के अनुसार किसी भी हालात में हम आतंकवाद को क्रिकेट को अपने हिसाब से चलाने की स्वीकृति नहीं देंगे। भारत बहुत विशाल देश है और इसके कई बड़े हिस्से हैं, जहाँ कभी आतंकी हमला नहीं हुआ। वर्ष 2005 में ऑस्ट्रेलिया ने समझदारी भरा फैसला किया था और हम भी यहाँ ऐसा ही कर रहे है।
मुंबई में नरसंहार से डरे हुए एंड्रयू फ्लिंटाफ और स्टीव हार्मिसन जैसे चोटी के खिलाड़ियों ने एकदिवसीय श्रृंखला के अंतिम दो मैच रद्द होने के बाद भारत लौटने पर अनिच्छा जताई है।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने चेन्नई और मोहाली में होने वाले दो टेस्ट मैचों के इंतजामों का जायजा लेने के लिए सुरक्षा विशेषज्ञ रेग डिकासन को भारत भेजा है, जिन्होंने चेन्नई को हरी झंडी दे दी है और जल्द ही मोहाली का दौरा करने के बाद ईसीबी को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
क्लार्क ने कहा कि वह सुरक्षा कड़ी करने के बीसीसीआई के प्रयासों से खुश हैं। ईसीबी ने इसके अलावा सभी आयोजन स्थलों पर 20 सदस्यीय कमांडो फोर्स तैनात करने की माँग भी की है। |