- वेबदुनिया न्यूज
काफी मान-मुनव्वल के बाद 2 टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने के लिए भारत आ रही इंग्लैंड टीम के लिए यहाँ सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। हालाँकि दूसरा टेस्ट मैच यहाँ 19 से 23 दिसम्बर तक खेला जाएगा, लेकिन मुंबई में आतंकी घटना को देखते हुए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन कोई कोताही नहीं बरतना चाहता है।
मोहाली में होने वाले क्रिकेट मैचों के लिए यहाँ विशेष पुलिस दस्ता मौजूद है। इसके अलावा पंजाब पुलिस भी मैच की सुरक्षा के लिए समूचे इंतजाम करने में जुट गई है। चंडीगढ़ के आईजी एसके जैन ने बताया कि ब्रिटिश पुलिस का दल भी यहाँ आने वाला है और हम उसे मैच के लिए की जाने वाली सुरक्षा योजना से अवगत कराएँगे।
मोहाली स्टेडियम की पिच कमेटी के चेयरमैन दलजीतसिंह ने कहा कि पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और पुलिस में पहले भी अच्छा तालमेल पहले भी रहा है और मुझे उम्मीद है कि इस बार भी कोई परेशानी नहीं होगी। पहले स्टेडियम के बाहर की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते रहे हैं लेकिन इस बार प्रायवेट सिक्यूरिटी की सेवाएँ नहीं ली जाएँगी।
सनद रहे कि इंग्लैंड भारत आए सुरक्षा दल की रविवार को रिपोर्ट मिलने के बाद ही अपनी टीम को भेजने का फैसला लेगा। |