- वेबदुनिया न्यूज
चेन्नई और मोहाली में 2 टेस्ट मैच खेलने के लिए आ रही इंग्लैंड की टीम ने इस दौरे के लिए शर्त रख दी है। इंग्लैंड के प्लेयर्स एसोसिएशन के सीईओ शॉन मॉरिस ने इस शर्त का खुलासा करते हुए कहा कि दौरे में जरा भी सुरक्षा में चूक हुई तो उसी वक्त हमारी टीम स्वदेश लौट जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए सबसे पहले खिलाड़ियों की सुरक्षा है क्योंकि वे काफी भरोसे के साथ भारत जा रहे हैं। वह भी उस माहौल में जहाँ पिछले दिनों मुंबई में हुए आतंकवादी हमले में 183 लोग मारे गए थे।
मॉरिस के अनुसार इस वक्त ब्रिटेन का एक सुरक्षा दल भारत गया हुआ है और उसने 11 दिसम्बर से चेन्नई में शुरु होने वाले टेस्ट स्थल का दौरा करके उसे हरी झंडी दे दी है। यह दल मोहाली भी जाएगा जहाँ दूसरा टेस्ट मैच 19 दिसम्बर से खेला जाना है।
इसी बीच ईसीबी ने कहा कि वह पीटरसन के नेतृत्व में भारत दौरे के लिए मजबूत टीम चुनेगी और यह गलतफहमी है कि हम 2 टेस्ट मैचों के लिए कमजोर टीम का चुनाव करने जा रहे हैं। |