श्रीलंका क्रिकेट टीम ने मुंबई आतंकी हमलों के शिकार लोगों के लिए पैसा जुटाने के मकसद से आज भारतीय क्रिकेट टीम के साथ चैरिटी मैच खेलने की पेशकश की।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के अध्यक्ष अर्जुन रणतुंगा ने बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष शरद पवार के साथ बात की और आतंकी हमले के शिकार लोगों की सहायता के लिए चैरिटी मैच खेलने का प्रस्ताव रखा।
रणतुंगा ने कहा कि मैंने पवार से बात की और बीसीसीआई को बिना किसी शर्त के अपने समर्थन की पेशकश की। एसएलसी आतंकी हमलों की निंदा करता है। हम सभी प्रभावित लोगों की सहायता के लिए चैरिटी मैच खेलने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा हम इसके लिए अपनी मजबूत टीम भेजने के लिए तैयार हैं। एसएलसी अपने तरीके से उनकी मदद करना चाहता है। मुंबई में पिछले हफ्ते आतंकी हमले में 183 से अधिक लोग मारे गये थे, जिसके बाद इंग्लैंड की क्रिकेट टीम भारत में सात एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला बीच में ही रद्द करके स्वदेश लौट गई थी। इसके बाद चैम्पियन्स लीग भी स्थगित हो गई थी। |