मोहम्मद यूसुफ को आड़े हाथों लेते हुए पाकिस्तान के कप्तान शोएब मलिक ने कहा कि भारत जाकर अपनी भड़ास निकालने से पहले उनके जैसे सीनियर बल्लेबाज को टीम की छवि के बारे में सोचना चाहिए था।
मलिक ने कहा कि सीनियर खिलाड़ी के तौर पर अभी भी वह यूसुफ का सम्मान करते हैं लेकिन उन्हें भारत में प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर उन पर तोहमत नहीं लगानी चाहिए थी।
उन्होंने एक निजी चैनल पर शो के दौरान कहा मुझे नहीं पता कि वह ऐसा क्यों कह रहे हैं, लेकिन अच्छा होता कि सीनियर खिलाड़ी दोस्त या भाई समान होने के नाते वह मेरे पास आते और अपने जज्बात जाहिर करते।
मलिक ने कहा मैं अभी भी उनका सम्मान करता हूँ क्योंकि उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट को बहुत कुछ दिया है और हमें उनकी सेवाओं की जरूरत थी। उन्हें पाकिस्तानी क्रिकेट के बारे में सोचना चाहिए था।
इंडियन क्रिकेट लीग से जुड़े यूसुफ ने दावा किया था कि उन्हें बागी लीग से इसलिए जुड़ना पड़ा क्योंकि मलिक उनका सम्मान नहीं करते थे। उन्होंने यह भी कहा कि महेंद्रसिंह धोनी की तरह मलिक बेहतरीन कप्तान नहीं है। |