इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के पूर्व अध्यक्ष लार्ड मैक्लारेन ने कहा कि ईसीबी की 'क्लीयरेंस' के बावजूद इंग्लैंड को भारत का अपना दो टेस्टों का दौरा रद्द कर देना चाहिए।
मैक्लारेन ने बीबीसी रेडियो फाइव लाइव से कहा मुझे लगता है कि ईसीबी इस दौरे के लिए हाँ कहेगा, लेकिन मेरी नजर में यह दु:खद होगा। मुझे नहीं लगता कि सुरक्षा से जुड़ा कोई व्यक्ति इस दौरे के लिए सहमति देगा कि भारत जाना सुरक्षित होगा। यदि यह फैसला मुझ पर छोड़ा जाए तो मैं साफ ना कहूँगा।
उन्होंने हालाँकि ईसीबी की इस बात के लिए सराहना की कि वह खिलाड़ियों को भारत में लौटने और खेलने के लिए मजबूर नहीं कर रहा है।
मुंबई में पिछले सप्ताह हुए आतंकी हमलों के कारण इंग्लैंड ने सात मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के आखिरी दो मैच नहीं खेले थे और उसकी टीम स्वदेश लौट गई थी। |