ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के फिजियोथेरेपिस्ट एलेक्स कंटूरीस ने इन अटकलों को खारिज किया है कि कलाई की चोट कप्तान रिकी पोंटिंग के करियर के लिए खतरा हो सकती है।
पोंटिंग को अपनी दाहिनी कलाई के चेकअप के लिए कल यहाँ सर्जन ग्रेग होय से मिलना है। उनकी इस कलाई का जुलाई में ऑपरेशन हुआ था।
कंटूरीस ने कहा कि उन्होंने छह सप्ताह पहले मुलाकात का समय ले रखा था और ये बातें गलत है कि आपरेशन के बाद पोंटिंग को इसके दुष्प्रभाव अचानक भुगतने पड़ रहे हैं।
उन्होंने 'द ऐज' से कहा पोंटिंग को ऐसा दर्द नहीं हो रहा था कि वह अभ्यास सत्र में भाग ना ले सके मैच नहीं खेलना तो दूर की बात है। उन्होंने कहा कि पोंटिंग बर्फ उपचार करा रहे हैं और उनकी कलाई पर पट्टी बाँधी गई है। |