महेंद्रसिंह धोनी और उनके साथी खिलाड़ी कटक में पाँचवें एकदिवसीय मैच में अपनी जीत का जश्न मनाने के बजाय सुबह तक टेलीविजन सेटों के आगे बैठकर मुंबई पर हुए आतंकी हमले की जानकारी लेते रहे। भारतीय टीम के बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आज इसका खुलासा किया।
रोहित ने मुंबई और हैदराबाद के बीच रणजी ट्रॉफी मैच के पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा कि मैच खेलने के बाद हमने टीवी पर सारी घटनाएँ देखी। हम सभी एक कमरे में बैठे थे और सुबह पाँच बजे (27 नवंबर) तक टीवी देखते रहे।
उन्होंने कहा कि हम सभी बहुत बुरा महसूस कर रहे थे और हैरान थे कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। हम सभी आतंक के शिकार बने लोगों के प्रति खेद व्यक्त कर रहे थे और जल्द से जल्द इसके निबटने की प्रार्थना कर रहे थे।
रोहित ने इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के भारत में टेस्ट श्रृंखला खेलने के लिए टीम भेजने का फैसला स्वागत किया। इंग्लैंड हालाँकि इससे पहले सुरक्षा विशेषज्ञों की सलाह लेगा।
रोहित का मानना है कि 11 दिसंबर से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला होने से आतंकवादियों को कड़ा संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि यह इंग्लैंड टीम का बहुत अच्छा फैसला है। इससे पता चलता है कि भारत अब भी सुरक्षित जगह है। आतंकवाद से लड़ने के लिए हम सभी एकजुट होना चाहिए। |