भारत का अगले वर्ष के शुरू में पाकिस्तान का क्रिकेट दौरा रद्द करने की आंशकाओं के बीच पाकिस्तानी कप्तान शोएब मलिक ने कहा है कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधो को सुधारने के लिए टीम इंडिया को इस दौरे पर आना चाहिए।
मलिक ने कहा कि क्रिकेट डिप्लोमेसी से दोनों देशों के बीच तनाव कम करने में मदद मिलेगी। मलिक की यह टिप्पणी मुंबई में पिछले सप्ताह शुरू हुए आतंकी हमलों के बाद आई है। इस समय ये खबरें आ रही है कि भारत सुरक्षा कारणों से यह दौरा रद्द कर सकता है।
पाकिस्तानी कप्तान ने कहा कि यदि हम क्रिकेट मैच खेलते हैं तो दोनों देशों के लोगों का ध्यान अन्य बातों से घटेगा और स्थिति में निश्चित रूप से सुधार आयेगा। क्रिकेट डिप्लोमेसी ने ऐसी ही परिस्थितियों में पहले भी मदद की है।
मलिक ने साथ ही उम्मीद जताई कि इंग्लैंड की टीम दो टेस्ट खेलने भारत वापस लौटेगी। इंग्लैंड ने भारत में एकदिवसीय श्रृंखला के आखिरी दो मैच नहीं खेले थे और उसकी टीम स्वदेश लौट गई थी।
उन्होंने कहा कि यदि इंग्लैंड टेस्ट खेलने के लिए भारत दौरे पर आता है तो यह बहुत अच्छा फैसला होगा क्योंकि क्रिकेट चलते रहना चाहिए। |