दुबई (भाषा) भारतीय टीम के कप्तान महेंद्रसिंह धोनी ने आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग की बल्लेबाजी में शीर्ष रैंकिंग कायम रखी है जबकि जहीर खान चोटी के दस गेंदबाजों में शामिल होने से केवल एक कदम पीछे हैं।
धोनी के अलावा युवराजसिंह छठे स्थान पर हैं और शीर्ष दस बल्लेबाजों में शामिल दूसरे भारतीय हैं। सचिन तेंडुलकर 12वें स्थान पर हैं। गेंदबाजी में जहीर एक पायदान ऊपर 11वें जबकि ऑफ स्पिनर हरभजनसिंह दो स्थान ऊपर 20वें नंबर पर पहुँच गए।
श्रीलंका के नुआन कुलशेखरा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बलबूते पर 11 स्थान की छलाँग लगाई और अब वह 14वें स्थान पर पहुँच गए हैं।
श्रृंखला में सर्वाधिक विकेट लेने वाले अजंता मेंडिस ने 19 पायदान की छलांग लगाई और अब वह 25वें स्थान पर हैं। मुथैया मुरलीधरन तीन स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुँच गए हैं।
आस्ट्रेलिया के नाथन ब्रैकन एकदिवसीय गेंदबाजी में चोटी पर बने हुए हैं। उनके बाद न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियल विटोरी का नंबर आता है।
बल्लेबाजी सूची में कुमार संगकारा जिम्बाब्वे के खिलाफ श्रृंखला में सर्वाधिक रन बनाने के बलबूते पर एक पायदान ऊपर 15वें स्थान पर पहुँच गए। चोटी के दस बल्लेबाजों में कोई बदलाव नहीं आया है। धोनी के बाद ऑस्ट्रेलिया के माइकल हसी और दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ का नंबर आता है। |