मुख पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार > बंगाल के लिए रणजी खेल सकते हैं गांगुली
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
बंगाल के लिए रणजी खेल सकते हैं गांगुली
नई दिल्ली। एक जमाने में सौरव गांगुली के सरपरस्त रहे बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने कहा है कि वे भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान को बंगाल के लिए रणजी खेलने का न्योता देंगे।

बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के अध्यक्ष पद पर दोबारा काबिज डालमिया ने कहा कि निश्चित तौर पर सौरव से इस बारे में बात की जाएगी, लेकिन अभी तो उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के बाद उन्हें ब्रेक की जरूरत है।

भारत के सफलतम कप्तानों में शुमार गांगुली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में चौथा और आखिरी टेस्ट के साथ श्रृंखला 2-0 से जीतने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया।

गांगुली की कप्तानी में भारतीय टीम ने जब सफलता के नए सोपानों को छुआ तब डालमिया बीसीसीआई के अध्यक्ष थे। माना जाता रहा है कि गांगुली के करियर को सँवारने में उनका बहुत बड़ा हाथ रहा है। हालाँकि करियर के आखिरी दौर में दादा और उनके रिश्तों में खटास पड़ती देखी गई थी।

गांगुली को सम्मानित करेगा कैबः डालमिया ने कहा कि कैब संभवतः गुरुवार को सौरव के अभिनंदन समारोह का आयोजन करेगा। इसकी तैयारियाँ चल रही हैं और हम इसे भव्य बनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। वे बहुत बड़े कद के क्रिकेटर हैं और इस सम्मान के हकदार भी।

उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह के बाद ही सौरव से रणजी खेलने के बारे में बात करूँगा। यह विचार मेरे जेहन में है।

उधर गांगुली ने भी अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वे रणजी क्रिकेट खेल सकते हैं। उन्होंने हालाँकि यह भी कहा था कि फिलहाल वे कुछ समय क्रिकेट से पूरी तरह ब्रेक लेंगे।

पिछले सत्र में एलीट से प्लेट वर्ग में खिसकी बंगाल की टीम को कायाकल्प के लिए इस करिश्माई क्रिकेटर की सख्त जरूरत है। गांगुली यदि खेलने को राजी होते हैं तो न सिर्फ खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी बल्कि दर्शकों को भी प्रिंस ऑफ कोलकाता को मैदान पर दोबारा देखने का मौका मिल सकेगा। (भाषा)
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
धोनी ने बनाई जीत की हैट्रिक
पोंटिंग ने आलोचकों पर निशाना साधा
गुवाहाटी में ही होगा भारत-इंग्लैंड का छठा वनडे
भारत की जीत से पूर्व क्रिकेटर गद्‍गद्‍
गांगुली के सम्मान की योजना नहीं-खेलमंत्री
झूलन ने रैंकिंग में शीर्ष स्थान गँवाया