पूर्व क्रिकेटरों ने भारत की विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-0 की टेस्ट श्रृंखला जीतने की प्रशंसा करते हुए इसे बेजोड़ उपलब्धि करार किया और कहा कि टीम ने साबित कर दिया कि उसमें निकट भविष्य में शीर्ष स्थान हासिल करने की क्षमता है। खिलाड़ियों ने कहा कि संयुक्त प्रयास के कारण ही यह जीत संभव हो सकी और उन्होंने कप्तान महेंद्रसिंह धोनी की तारीफों के पुल बाँधे। मुख्य चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि मैं धोनी की टीम की दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम पर जीत से खुश और रोमांचित हूँ। मैं यह जरूर कहूँगा कि इंतजार समाप्त हो गया है और परिवर्तन का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि हमें 2011 विश्व कप के लिए विजयी संयोजन तैयार करने के लिए इन खिलाड़ियों को लेकर आगे बढ़ना होगा। इसके साथ ही एकदिवसीय और टेस्ट दोनों में जीत के लिए सकारात्मक रवैया बनाये रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि धोनी की कप्तानी का जवाब नहीं है। वे जिस तरह से स्थिति का आकलन करते हैं और परिस्थितियों के अनुसार अपनी भूमिका निभाते हैं, वह बेजोड़ है। श्रीकांत ने नए खिलाड़ी अमित मिश्रा और मुरली विजय के योगदान की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सभी कदम सही साबित हुए। टीम का प्रत्येक खिलाड़ी एकजुट प्रदर्शन के लिए तारीफ का हकदार है।
चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी विश्व चैम्पियन टीम को हराना एक शानदार उपलब्धि है।
उन्होंने कहा टीम एकजुट होकर खेली। यह एक शानदार उपलब्धि है। यह बेजोड़ है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया ऐसी टीम है, जो पिछले 10-15 वर्षों से शीर्ष स्थान पर रही है।
वेंगसरकर ने कहा कि अब मैं इस भारतीय टीम से यह उम्मीद लगाए हुए हूँ कि उन्होंने विश्व की नंबर एक टीम को हराकर पहला स्थान हासिल कर लिया है तो उन्हें इस स्थान को बरकरार रखना चाहिए।
एक अन्य पूर्व कप्तान रवि शास्त्री ने धोनी और उसकी टीम की प्रशंसा के पुल बाँधते हुए कहा कि यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए बेहतरीन साबित होगी।
उन्होंने कहा कि चैम्पियन टीम जैसे ऑस्ट्रेलिया को हराना निश्चित रूप से एक बड़ी उपलब्धि है। इससे पता चलता है कि हम सही दिशा में बढ़ रहे हैं। पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने कहा कि हम सभी इस जीत का इंतजार कर रहे थे।
उन्होंने कहा इस जीत में सभी ने योगदान दिया लेकिन सीनियर खिलाड़ी पूरी श्रृंखला में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। इससे काफी अंतर पड़ता है।
वहीं पूर्व स्पिनर इरापल्ली प्रसन्ना ने चंडीगढ़ से कहा यह टीम का एकजुट प्रयास था। बोर्डर गावस्कर ट्रॉफी जीतने से इंग्लैंड के खिलाफ आगामी श्रृंखला में भारतीय टीम के आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी। |