ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने गौतम गंभीर को उकसाया तो गंभीर उनके पेट में कोहनी मार बैठे। वॉटसन पर तो महज दस फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगा, लेकिन गंभीर पर एक टेस्ट का प्रतिबंध लग गया।
इस मामले की गर्माहट अभी खत्म भी नहीं हुई है कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन ने तीसरे टेस्ट के पाँचवे और अंतिम दिन आज भारतीय बल्लेबाज वी वी एस लक्ष्मण पर कुछ छींटाकशी कर दी।
लंच से पहले जानसन ने गेंदबाजी करते हुए लक्ष्मण को दो बार कुछ कहा। पहली बार तो लक्ष्मण जवाब में मुस्करा दिए, लेकिन दूसरी बार उन्होंने गेंदबाज के पास जाकर कुछ कहा। इसके बाद दोनों अम्पायरों बिली बाउडन और अलीम डार ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग को बुलाकर कुछ बात की।
गावस्कर ने उठाया रबड़ी और मटन का लुत्फ : महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर बेहतरीन खाने के बहुत शौकीन हैं। इसका पता भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे क्रिकेट के दौरान लगा। गावस्कर ने मैच के दौरान रबड़ी और मटन दो प्याजा का भरपूर लुत्फ उठाया।
किनारी बाजार की मशहूर रबड़ी और करीम के जायकेदार मटन दो प्याजा को गावस्कर को उनके एक प्रशंसक एवं रेडियो खेल पत्रकार आदेश गुप्ता ने उपलब्ध कराया। आदेश आईपीएल के दौरान गावस्कर को रबड़ी खिलाने का वादा कर चुके थे।
रबड़ी का स्वाद चखने के बाद गावस्कर की फरमाइश मटन दो प्याजा और नले की थी जिसे भी आदेश ने पूरा किया। गावसकर ही नहीं, कमेंट्री टीम के अन्य सदस्यों रवि शास्त्री, एलेन बॉर्डर और लक्ष्मण शिवारामाकृष्णन ने भी इन जायकेदार व्यंजनों का लुत्फ उठाया। गावस्कर ने मटन के लिए खासतौर पर बॉर्डर को रोक रखा था।
आदेश ने बताया कि गावस्कर ने उनसे कहा है कि वह कोटला में अगले मैच में उनसे ऐसे ही जायकेदार व्यंजन की उम्मीद रखते हैं। आदर्श ने कहा कि वह अपने (आदर्श) सनी का शौक अगली बार भी पूरा करेंगे।
आई लव दादा : दादा यानी सौरव गांगुली के प्रशंसकों की कोई कमी नहीं है। चायकाल से पहले गांगुली ने जैसे ही माइकल क्लार्क की गेंद पर आगे बढ़कर एक छक्का मारा, कोटला में बैठे दर्शकों में एक नई जान आ गई। इसके बाद दर्शकों में से किसी ने एक प्लेकार्ड लहराया, जिस पर लिखा था, ईश्वर मुझे माफ करना मैं दादा को आपसे ज्यादा प्यार करता हूँ। दादा का कोटला में यह आखिरी टेस्ट है। वह इस श्रृंखला के बाद सन्यास लेने जा रहे हैं।
लक्ष्मण का अंदाज स्टाइलिश बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण अपनी बल्लेबाजी का पूरा लुत्फ ले रहे है। पहली पारी में अपना शतक पूरा करने के बाद उन्होंने पैवेलियन की तरफ इशारा करते हुए अपने बाएँ हाथ को गेंदबाजी एक्शन में घुमाया था। आज दूसरी पारी में अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने यही काम दाएँ हाथ से किया। उनके इस इशारे का क्या मतलब है यह तो वही बता सकते हैं। |