इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज ज्योफ्री बायकॉट का मानना है कि सचिन तेंडुलकर का टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड बनाना लाजमी था, क्योंकि उन्होंने इतने ज्यादा मैच खेले हैं, लेकिन इससे वे डॉन ब्रैडमेन से बेहतर क्रिकेटर नहीं बन जाते।
तेंडुलकर ने शुक्रवार को ब्रायन लारा का रिकॉर्ड तोड़ा और टेस्ट क्रिकेट में 12 हजार रन बनाने वाले वे पहले बल्लेबाज हो गए। बायकॉट ने कहा कि क्रिकेटर रिकॉर्ड बनाते रहेंगे, क्योंकि आजकल पहले की तुलना में अधिक टेस्ट और वनडे मैच हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लारा और तेंडुलकर जैसे महान क्रिकेटरों को यह रिकॉर्ड बनाने ही थे। साल दो साल में कोई न कोई रिकॉर्ड वे तोड़ते ही रहेंगे।
बायकॉट ने कहा कि उन्होंने भी टेस्ट क्रिकेट में 8 हजार से अधिक रन का गैरी सोबर्स का रिकॉर्ड तोड़ा था, लेकिन इससे वे सोबर्स से बेहतर बल्लेबाज नहीं बन गए। इसी तरह तेंडुलकर को ब्रैडमेन से बेहतर बल्लेबाज नहीं कहा जा सकता। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि वे तेंडुलकर के मुरीद हैं, जिन्होंने मैदान के भीतर और बाहर एक मिसाल कायम की है। |