नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने आज मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन 40वाँ रन बनाकर टेस्ट मैचों में अपने 7000 रन पूरे किए।
इस तरह वे मास्टर बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर (12000 रन से अधिक), राहुल द्रविड़ (10341) और सुनील गावस्कर, (10122) के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बने।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज मिशेल जॉनसन की गेंद पर उन्होंने दो रन लेकर 111 मैचों की 183 पारी में 7000 रन का आँकड़ा पूरा किया। उन्होंने इन पारियों में 15 शतक और 35 अर्धशतक जड़े हैं।
गांगुली ने घरेलू सरजमीं पर 48 मैचों में 43.13 की औसत से 2976 और विदेशी सरजमीं पर 63 मैचों में 41.56 के औसत से 4032 रन बनाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 मैचों की 39 पारियों में सर्वाधिक 1200 रन से ज्यादा रन बनाए हैं। (भाषा) |