क्रिकेट जगत ने टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के लिए सचिन तेंडुलकर को बधाई देते हुए उन्हें जीनियस करार दिया और कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने उनसे कुछ और साल तक खेलते रहने की अपील की।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में दूसरे क्रिकेट टेस्ट से पहले तेंडुलकर को यह उपलब्धि हासिल करने के लिए 15 रन की दरकार थी और उन्होंने आज तेज गेंदबाज पीटर सिडल की गेंद पर तीन रन बनाकर ब्रायन लारा के 11 953 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
मुख्य राष्ट्रीय चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने तेंडुलकर को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि मास्टर ब्लास्टर को कुछ और समय खेलते रहने चाहिए और टीम में युवाओं का मार्ग निर्देशन करना चाहिए।
उन्होंने कहा यह देखकर अच्छा लगता है कि एक भारतीय दुनिया में सर्वाधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज है। अतीत में यह उपलब्धि सुनील गावस्कर के नाम थी और आज तेंडुलकर ने एक बार फिर हमारे लिए ऐसा किया। भारतीयों के लिए यह गर्व का मौका है।
श्रीकांत ने कहा वह बिलकुल भी नहीं बदला है। उसमें अब भी वही जज्बा है जो मुझे हैरान करता है। उन्होंने कहा मैं उन्हें कहना चाहता हूँ कि रन बनाते रहो। भारत को कुछ और समय के लिए तुम्हारी जरूरत है क्योंकि टीम बुरे दौर से गुजर रही है और आपको युवाओं का मार्गनिर्देशन करने के लिए तेंडुलकर जैसे खिलाड़ी की जरूरत है।
पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर ने भी तेंडुलकर को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें कम से कम दो साल और खेलते रहना चाहिए। उन्होंने कहा उसे मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ। मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि वह भारतीय है और उसने आज यह कर दिखाया।
वेंगसरकर ने कहा वह एक जीनियस है। वह शानदार फॉर्म में है वह कड़ी मेहनत कर रहा है और मुझे लगता है कि उसे कम से कम एक या दो साल खेलते रहना चाहिए। पूर्व क्रिकेट चेतन चौहान ने तेंडुलकर की सराहना करते हुए कहा कि वह एक जीनियस है।
उन्होंने कहा उसने जो रिकॉर्ड बनाया है उस पर भारतीय होने के नाते हमें काफी गर्व है। हमें इस पर भी गर्व है कि वह टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी थे। भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज जोंटी रोड्स ने तेंडुलकर को बधाई देते हुए उन्हें दुनिया भर के क्रिकेटरों के लिए आदर्श करार दिया। उन्होंने कहा मुझे लगता है कि मैदान और मैदान के बाहर उसकी निरंतरता बेजोड़ है। वह जज्बे वाले व्यक्ति हैं। ईश्वर ने उन्हें जो कौशल दिया है, हमें उसे स्वीकार करना चाहिए।
रोड्स ने कहा वह अन्य क्रिकेटरों के लिए आदर्श है। वह भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर के क्रिकेटरों और क्रिकेट देखने वालों के लिए प्रेरणा है। |