टेस्ट क्रिकेट में 12 हजार से अधिक रन बनाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बनने पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने कहा कि यह उनके करियर की 'सबसे बड़ी उपलब्धि' है।
लेकिन तेंडुलकर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मेरी नजर रिकॉर्ड पर नहीं, बल्कि गेंद पर रहती है। तेंडुलकर ने कहा कि क्रिकेट करियर की 19 साल की मेरी यह यात्रा अद्भुत रही है।
उन्होंने कहा कि मेरी इस यात्रा में काफी उतार-चढ़ाव भी आए और कभी खराब प्रदर्शन पर पत्थर भी फेंके गए। हालाँकि इन पत्थरों को मैंने माइल स्टोन (मील के पत्थर) में बदला। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में दूसरे क्रिकेट टेस्ट से पहले तेंडुलकर को यह उपलब्धि हासिल करने के लिए 15 रन की दरकार थी और उन्होंने आज तेज गेंदबाज पीटर सिंडल की गेंद पर तीन रन बनाकर ब्रायन लारा के 11953 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। |