ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच ने कहा कि उनकी टीम ने पहले दिन अच्छी भूमिका निभाई और वह पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में भारत पर दबाव बनाने के लिए पहली पारी में 400 से अधिक रन बनाना चाहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन चार विकेट पर 254 रन बनाए। माइकल क्लार्क दिन के अंतिम ओवर में आउट हुए लेकिन कैटिच ने कहा कि अब तक के मुकाबले में उनका पलड़ा भारी रहा है।
कैटिच ने पहले दिन के खेल के बाद कहा हम कल 400 से अधिक रन बनाना चाहेंगे और इस पर गौर करेंगे कि हम कैसे भारत को दबाव में ला सकते हैं।
कप्तान रिकी पोंटिंग के साथ दूसरे विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी निभाने वाले कैटिच (66) ने कहा कि पहले दिन पिच बल्लेबाजों के अनुकूल थी।
उन्होंने कहा कि अभी तक यह विकेट अच्छा था लेकिन इसमें गेंद नीची रह रही है और बाद में इससे स्पिनरों को मदद मिलेगी। यह शुष्क है और इसमें कुछ दरार भी है लेकिन अब तक यह अच्छा था।
कैटिच ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि क्या मैथ्यू हैडन के खिलाफ अंपायर का फैसला सही था जो पहले ओवर में आउट हुए। उन्होंने कहा शुरू में कुछ स्विंग मिल रहा था। दूसरे छोर पर खड़े होने के कारण मैं वास्तव में नहीं कह सकता कि वह आउट था या नहीं।
कैटिच ने स्वीकार किया कि जयपुर में अनुकूलन शिविर और हैदराबाद में अभ्यास मैच से टीम को भारतीय परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने में मदद मिली।
उन्होंने कहा कि हमने हैदराबाद में अच्छा अभ्यास किया। निश्चित तौर पर जयपुर में शिविर से हमें बहुत मदद मिली। इससे हमें परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने में मदद मिली। |