भारतीय धरती पर पहला शतक जमाने वाले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने आज अपनी इस पारी को बहुत संतोष प्रदान करने वाली बताया और कहा कि मैंने इस तरह की परिस्थितियों में सफल होने के लिए जो कड़ी मेहनत की थी यह उसका परिणाम है।
पोंटिंग ने पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा कि मैंने यहाँ आठ टेस्ट मैच खेले थे और 60 रन मेरा उच्चतम स्कोर था। मुझे लगा कि यहाँ मुझे खुद को साबित करना होगा और आज मैंने शतक जमाया और आशा है कि अभी मैं कुछ और शतक लगाऊँगा। इस पारी ने मुझे बहुत संतोष दिया।
उन्होंने कहा कि मैंने वास्तव में कड़ी मेहनत की थी। यहाँ मेरा रिकॉर्ड खराब था। आज मैंने सही दिशा में एक कदम बढ़ाया। रन बनाना और टीम को अच्छी स्थिति में पहुँचाने से मैं खुश हूँ लेकिन एक पारी से आपका दौरा तय नहीं होता।
पोंटिंग ने कहा कि उन्होंने भारत आने से पहले अपनी तकनीक और रणनीति पर काम किया। मैंने भारत आने से पहले दो सप्ताह तक कड़ी मेहनत की। मैंने अपने लिए रणनीति और तकनीक तैयार की। आज मेरे लिए अच्छा मौका था और अधिकतर चीजें मेरे पक्ष में गई। मैं दौरे में आगे भी ऐसा करना चाहूँगा।
पोंटिंग ने ग्रेग चैपल के योगदान के बारे में कहा ग्रेग निश्चित तौर पर महान खिलाड़ी हैं। वह बल्लेबाजी के बहुत अच्छे कोच हैं। हमने इन परिस्थितियों में खेलने के बारे में उनसे बात की और हमें उनसे कई महत्वपूर्ण बातें सीखने को मिली।
उन्होंने कहा कि वह हमारी टीम से जुड़े बहुत अहम सदस्य हैं। इसमें कोई संदेह नहीं कि उनका मुझ पर और इस दौरे में आए अन्य खिलाड़ियों पर बहुत अधिक प्रभाव है।
पोंटिंग ने ईशांत शर्मा की भी तारीफ की और कहा कि यह भारतीय तेज गेंदबाज यदि फिट रहता है तो भविष्य में अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को परेशानी में डालेगा। उन्होंने कहा कि ईशांत अच्छे गेंदबाज हैं, विशेषकर नई गेंद से। उन्होंने मेरे लिए अच्छा स्पैल किया।
शुरू में मैं उनके खिलाफ बहुत रक्षात्मक होकर खेला लेकिन जब मैंने विकेट की तेजी भाँप ली तो मैंने शॉट खेलने शुरू कर दिए। वह अब बेहतर गेंदबाज बनते जा रहे हैं और यदि वह फिट रहे तो अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को परेशान करेंगे।
पोंटिंग ने दिन के अंत में टीम की स्थिति पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मैं केवल अपनी पारी से नहीं बल्कि टीम की स्थिति से भी खुश हूँ। शेन वॉटसन अगले बल्लेबाज होंगे और इसके बाद दो अन्य स्थापित बल्लेबाज हैं। मेरा ध्यान अब कल के खेल पर है। |