पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि टोरंटो में शुक्रवार से शुरू हो रहे चार देशों के अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट के लिए चुनी गई टीम में क्रिकेट प्रशासकों द्वारा बदलाव किए जाने के मद्देनजर उन्होंने इस्तीफा दिया।
कई बार चयन समिति के सदस्य रह चुके सलाहुद्दीन ने पीसीबी के नए अध्यक्ष एजाज बट को बुधवार के दिन इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने कहा कि यह सैद्धांतिक फैसला है क्योंकि उन्हें चयनकर्ताओं के काम में किसी का दखल नागवार है।
उन्होंने कहा हमने टोरंटो में टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम में ऑफ ब्रेक गेंदबाज सईद अजमल का चयन किया था, लेकिन बाद में टीम बदल दी गई। अजमल की जगह सलामी बल्लेबाज शोएब खान को शामिल कर लिया गया।
सलाहुद्दीन ने कहा कि मुझे नहीं पता कि खेल मंत्रालय क्रिकेट बोर्ड या टीम प्रबंधन में से किसने ऐसा किया है, लेकिन मैं आहत हूँ, क्योंकि किसी ने मुझे इस बदलाव के बारे में इत्तला देना भी जरूरी नहीं समझा।
टीम जिस समय खेल मंत्रालय के पास मंजूरी के लिए भेजी गई थी, उस समय सलाहुद्दीन लाहौर से कराची जा रहे थे। सलाहुद्दीन को कराची हवाई अड्डे पर उतरने के बाद इस बदलाव का पता चला, जब मीडिया ने उनसे इसके बारे में सवाल किए।
उन्होंने कहा कि मुझे बदलाव के बारे में बताना तो चाहिए था। शोएब अच्छे खिलाड़ी है और भविष्य के लिए उनका नाम हमारे जेहन में था, लेकिन अब टीम में चार सलामी बल्लेबाज हो गए हैं। चयन समिति के दो अन्य सदस्यों सलीम जाफर और शफकत राणा ने कहा कि उन्होंने अभी इस्तीफा नहीं दिया है। |