ट्वेंटी-20 को क्रिकेट को ईजाद करने वाले इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के पूर्व मार्केटिंग मैनेजर स्टुअर्ट राबर्टसन को खेल के इस लघुतम स्वरूप के दुष्प्रभावों की चिंता सताने लगी है।
राबर्टसन ने 2000 में क्रिकेट के इस प्रारूप का खाका खीचा था, ताकि काउंटी मैचों में दर्शकों को मैदान पर खींचा जा सके। अब इंडियन प्रीमियर लीग में भारी कमाई के मद्देनजर स्टार क्रिकेटर संन्यास का फैसला बदलकर मैदान पर लौट रहे हैं।
राबर्टसन ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के चलते इन मैचों को कितना खींचा जा सकता है। उन्होंने कहा यह वाकई रोचक होगा।
उन्होंने कहा आईपीएल में दुनिया भर के सितारे हैं, लेकिन एक समय ऐसा आयेगा कि लोग इससे भी उब जाएँगे। राबर्टसन ने कहा कि आईसीसी को खिलाड़ियों को अत्यधिक क्रिकेट और थकान से बचाने के लिए ट्वेंटी-20 मैचों की तादाद में कटौती करनी चाहिए। |