पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सिंतबर में होने वाली चैंपियन्स ट्रॉफी के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम का आश्वासन दिया है। समाचार-पत्र 'डॉन' ने पीसीबी के सुरक्षा अधिकारी कर्नल जुल्फिकार के हवाले से कहा कि स्टेडियम में सुरक्षा के कडे़ बंदोबस्त किए जाएँगे।
अति विशिष्ट व्यक्तियों की कारों के अलावा किसी भी अन्य वाहन को स्टेडियम के नजदीक फटकने भी नहीं दिया जाएगा। दर्शक पीसीबी द्वारा संचालित शटल सेवा के माध्यम से स्टेडियम में पहुँचेंगे। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में प्रवेश से पहले हर व्यक्ति की गहन तलाशी ली जाएगी।
इसके अलावा मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम में इलेक्ट्रॉनिक स्वीपिंग की जाएगी तथा मेटल डिटेक्टरों से लैस एक्सरे मशीनें लगाई जाएँगी।
ग्यातव्य है कि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के कई खिलाड़ियों ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में 11 सितंबर से शुरू हो रही चैंपियन्स ट्रॉफी में खेलने से इनकार कर दिया है।
इससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पर चैंपियन्स ट्रॉफी को कहीं और आयोजित कराने का दबाव है। हालाँकि इस बारे में अंतिम निर्णय लिया जाना अभी बाकी है।
|