वेस्टइंडीज के कप्तान क्रिस गेल सहित देश के 17 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नवंबर में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले 2 करोड़ डॉलर इनामी ट्वेंटी-20 मैच के लिए 32 सदस्यीय स्टैनफोर्ड सुपरस्टार ट्रेनिंग टीम में चुना गया।
शिवनारायण चंद्रपाल, रामनरेश सरवन, जिरोम टेलर और ड्वेन ब्रावो को भी एक नवंबर को एंटीगा में होने वाले मैच के लिए टीम में चुना गया है। एक नवंबर को ही कैरेबियाई देशों का स्वतंत्रता दिवस भी है।
एंटीगा के निवासी और स्थानीय टूर्नामेंट को वित्त मुहैया कराने वाले टेक्सॉस के करोड़पति एलेन स्टैनफोर्ड अगले 5 साल में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की चुनी हुई स्टैनफोर्ड सुपरस्टार टीम के बीच 5 ट्वेंटी-20 मुकाबलों पर 10 करोड़ डॉलर खर्च करेंगे।
विजेता टीम के 11 खिलाड़ियों को 3 घंटे से भी कम समय मैदान पर बिताने के लिए प्रत्येक को 10 लाख डॉलर मिलेगा। बाकी पैसा रिजर्व खिलाड़ियों और राष्ट्रीय संघों में बाँटा जाएगा।
|