सचिन तेंडुलकर के बचपन के दोस्त और पूर्व टीम साथी विनोद कांबली को विश्वास है कि मास्टर ब्लास्टर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के दौरान ब्रायन लारा के सर्वाधिक टेस्ट रनों का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
कांबली के हवाले से एक निजी वेबसाइट ने कहा कि सचिन की रनों की भूख को देखते हुए मुझे पूरी उम्मीद है कि वे पहले टेस्ट में ही लारा का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए जरूरी 172 रन बना लेंगे। एसएससी मैदान में उनका रिकॉर्ड बहुत अच्छा रहा है और मुझे उम्मीद है कि अपने इस भाग्यशाली मैदान में वह यह कीर्तिमान अपने नाम कर लेंगे।
कांबली ने कहा कि मेरे इस विश्वास के पीछे कारण है। वे इस समय शानदार फार्म में हैं। अभ्यास मैच में उन्होंने सर्वाधिक 69 रन बनाए थे और एसएससी की पिच बल्लेबाजी के लिए मददगार है। उन्होंने कहा कि यदि सचिन इस कीर्तिमान पर पहुँच जाते हैं तो फिर उन्हें इस श्रृंखला में रोकना मुश्किल हो जाएगा।
|