मुख्य पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
टेस्ट मैच पर मौसम की मार  Search similar articles
श्रीलंका 2 विकेट खोकर 85 रन
भारतीय तेज गेंदबाजों ने रात की बारिश के कारण साढ़े पाँच घंटे देर से शुरू हुए पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के शुरुआती दिन आज यहां 22 ओवर के संक्षिप्त खेल में श्रीलंका के दो विकेट निकालकर मेजबान टीम को दबाव में ला दिया।

सलामी बल्लेबाज मालिंडा वर्णपुरा ने हालाँकि गेंदबाजों का डटकर सामना किया। जब खराब रोशनी के कारण खेल समय से पहले समाप्त किया गया तब वह 50 रन पर खेल रहे थे। उनकी इस पारी की बदौलत श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन दो विकेट पर 85 रन बनाए। वर्णपुरा के साथ दूसरे छोर पर कप्तान महेला जयवर्धने 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।

रात की बारिश के कारण मैच दोपहर बाद साढ़े तीन बजे शुरू हो पाया। अंपायरों ने तब दिन के लिये 42 ओवर तय किये थे लेकिन खराब रोशनी के कारण इससे 20 ओवर पहले ही खेल रोक देना पड़ा। पिच में कुछ दरार जरूर थी लेकिन उसमें नमी नहीं थी, जिससे जयवर्धने ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने में कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाई।

ईशांत शर्मा ने हालाँकि मैच के चौथे ओवर में ही सलामी बल्लेबाज माइकल वैंडोर्ट को आउट करके उनका यह फैसला गलत साबित करने की कोशिश की जबकि जहीर खान ने शानदार फार्म में चल रहे कुमार संगकारा (12) का विकेट लेकर भारत को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।

संगकारा के आउट होने से श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 57 रन हो गया लेकिन अपना पाँचवाँ टेस्ट मैच खेल रहे बाएँ हाथ के सलामी बल्लेबाज वर्णपुरा ने न सिर्फ एक छोर बखूबी संभाले रखा बल्कि उन्होंने ढीली गेंदों पर रन बनाकर स्कोर बोर्ड भी चलायमान रखा।

वर्णपुरा ने जहीर की गेंद पर मिड ऑफ में चौका जड़कर अपना खाता खोला लेकिन दूसरे सलामी बल्लेबाज वैंडोर्ट को ईशांत ने टिकने का मौका ही नहीं दिया। ईशांत ने अपने पहले ओवर में बाएँ हाथ के इस बल्लेबाज को ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंदों पर लगातार परेशान किया और अपने दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर भारत को पहली सफलता भी दिला दी।

वैंडोर्ट ने ईशांत की तेजी से बाहर निकलती शॉर्ट ऑफ लेंग्थ गेंद को खेलने का प्रयास किया, जो उनके बल्ले का हल्का किनारा लेकर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के पास पहुँच गई। वैंडोर्ट केवल तीन रन बना पाए।

संगकारा ने सतर्क शुरुआत की लेकिन जहीर की लेग कटर पर वह पहली स्लिप में राहुल द्रविड़ को निचला कैच देकर जल्द ही ैवेलियन लौट गये। जहीर की गेंद मिडिल विकेट से ऑफ स्टंप की तरफ कट हुई, जिसे संगकारा ने पुश करने की कोशिश की लेकिन द्रविड़ ने बेहतरीन कैच लेकर सिंहलीज स्पोर्ट्‍स क्लब स्टेडियम में सन्नाटा फैला दिया।

वर्णपुरा ने इससे पहले ईशांत के एक ओवर में बैकवर्ड प्वाइंट मिड आफ और स्क्वायर लेग पर चौके जड़कर दिल्ली के इस गेंदबाज को दबाव में लाने की कोशिश की। उन्होंने हरभजन सिंह की गेंद फाइन लेग पर एक रन के लिये भेजकर अपना तीसरा टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। इसके लिए उन्होंने 74 गेंद खेली और छह चौके लगाए।

हरभजन का यह पहला ओवर था, जिसके बाद खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा। पिच को स्पिनरों की मददगार माना जा रहा है लेकिन भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने 21वें ओवर के बाद स्पिन आक्रमण लगाया। इससे पहले उन्होंने सौरव गांगुली से भी पांच ओवर करवाये।

पिच में दरार हैं और इसमें भारतीय बल्लेबाजों को चौथी पारी में खेलने में दिक्कत हो सकती है क्योंकि श्रीलंका ने मुथैया मुरलीधरन के अलावा बिरले स्पिनर अजंता मेंडिस को भी टीम में रखा है।

भारतीय टीम हालांकि विकेटकीपर कार्तिक सहित सात बल्लेबाजों के साथ खेल रही है, जिनमें से सबकी निगाहें सचिन तेंडुलकर पर टिकी रहेंगी, जिन्हें ब्रायन लारा के टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन (11953) को पीछे छोड़ने के लिए केवल 172 रन की दरकार है। यदि इंद्रदेव की मेहरबानी रही तो फिर कल खेल तय समय से आधा घंटे पहले शुरू होगा।
और भी
सचिन रैंकिंग में 14वें स्थान पर खिसके
सरजमीं पर हारना नहीं चाहते-जयवर्धने
विश्वकप से पहले अलविदा कहेंगे हेडन
रिकॉर्ड को लेकर मैं चिंतित नहीं- सचिन
रिकॉर्ड को लेकर मैं चिंतित नहीं-सचिन
मेंडिस और मुरली हैं हमारे मुख्य हथियार-संगकारा