विश्व रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर खडे़ मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर का बल्ला कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर जमकर दहाड़ा है जहाँ भारत और श्रीलंका के बीच बुधवार से पहला क्रिकेट टेस्ट शुरू होने जा रहा है।
सचिन ने इस मैदान पर तीन टेस्टों की छह पारियों में 114.00 के बेहद प्रभावशाली औसत से 456 रन बनाए हैं, जिनमें तीन शतक और एक अर्द्धशतक शामिल हैं।
मास्टर ब्लास्टर ने श्रीलंका के 1993, 1997 और 1999 के तीन दौरों में इस मैदान पर लगातार तीन शतक बनाए हैं जो हर लिहाज से एक विलक्षण प्रदर्शन कहा जा सकता है।
सचिन का इस मैदान पर जैसा जबरदस्त रिकॉर्ड रहा है उसे देखते हुए माना जा सकता है कि वह पहले टेस्ट में ही वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा का टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक 11 हजार 953 रन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
सचिन के इस समय 147 टेस्टों से 11 हजार 782 रन हैं और उन्हें लारा का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 172 रन की जरुरत है। सचिन अगस्त 1993 में जब इस मैदान पर पहली बार खेले थे तो उन्होंने मैच की दोनों पारियों 28 और नाबाद 104 रन बनाए थे। भारत ने यह टेस्ट 235 रन से जीता था।
मास्टर ब्लास्टर जब अगस्त 1997 में इस मैदान में उतरे तो वह भारतीय टीम के कप्तान थे। उन्होंने ड्रॉ रहे इस टेस्ट में 139 और आठ रन बनाए थे। फरवरी 1999 में वह आखिरी बार इस मैदान में खेले थे। तब उनके बल्ले से पहली पारी में 53 और दूसरी पारी में नाबाद 124 रन निकले थे।
सचिन अपनी ग्रोइन चोट के कारण इस वर्ष काफी समय मैदान से बाहर रहे है। इसी चोट के कारण वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस वर्ष तीन टेस्टों की घरेलू श्रृंखला के आखिरी दो टेस्ट नही खेले थे।
आईपीएल ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में ग्रोइन चोट के कारण उन्हें शुरुआती कुछ मैचों से बाहर रहना पड़ा था। इसी चोट के फिर उभर आने से वह ढाका में त्रिकोणीय श्रृंखला और फिर कराची में एशिया कप में नही खेल पाए थे।
पहले टेस्ट से पूर्व श्रीलंका बोर्ड एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच से उन्होंने मैदान में वापसी की थी। इस मैच में भारत की पहली पारी में उन्होंने शानदार 69 रन बनाए थे।
इस मैदान पर पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का रिकॉर्ड भी काफी अच्छा रहा है। इस मैदान पर उन्होंने तीन टेस्टों में 59-50 के शानदार औसत से 357 रन बनाए है जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल है।
भारतीय कप्तान अनिल कुंबले सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) ग्राउंड में तीन टेस्टों में 32.06 के औसत से 16 विकेट लेकर इस मैदान पर सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय है।
भारत का इस मैदान पर 50-50 का रिकॉर्ड रहा है। इस मैदान पर उसने पाँच टेस्ट खेले है जिनमें से उसने एक जीता है, एक हारा है और तीन ड्रॉ रहे है। श्रीलंका ने इस मैदान पर कुल 30 टेस्ट खेले है जिनमें से उसने 15 जीते हैं, 6 हारे हैं और 9 ड्रॉ रहे है।
|