भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान अनिल कुंबले ने श्रीलंका के रहस्यमयी स्पिनर अजंता मेंडिस से आसन्न खतरे को नजरअंदाज करते हुए कहा कि बुधवार से शुरू होने वाले पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में अपना टेस्ट आगाज करने वाले मेंडिस पर खुद ही काफी दबाव रहेगा।
कुंबले ने सिरीज के पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर कहा कि इस मैच में मेंडिस पर काफी दबाव होगा। उन्होंने कहा कि एक युवा होने के नाते स्वाभाविक तौर पर आप दबाव में रहते हैं। और हमें इस बात को नहीं भूलना चाहिए कि यह मेंडिस का पहला टेस्ट मैच होगा।
मेंडिस इस महीने की शुरुआत में एशिया कप वनडे टूर्नामेंट के दौरान श्रीलंका के तुरूप के इक्के बनकर उभरे थे और उनकी फिरकी के आगे भारतीय बल्लेबाज बुरी तरह नाकाम रहे थे।
श्रीलंका ने इसका मनोवैज्ञानिक लाभ उठाने की गरज से टेस्ट सिरीज में भी मेंडिस को भारत के खिलाफ अपनी टीम में शामिल किया है। कुंबले ने कहा कि अगर आप हमारे बल्लेबाजों को देखें तो उनमें से अधिकतर 100 से भी अधिक टेस्ट खेल चुके हैं।
वैसे हमने एशिया कप में मेंडिस की गेंदबाजी की वीडियो टेप का अध्ययन किया है, लेकिन हमें कई वर्षों से शानदार प्रदर्शन करने वाले दो अन्य श्रीलंकाई गेंदबाजों मुथैया मुरलीधरन और चामिंडा वास को भी नहीं भूलना होगा जो आपस में एक हजार से ज्यादा विकेट ले चुके हैं।
वैसे कुंबले से पहले श्रीलंकाई कप्तान माहेला जयवर्द्धने ने अपने युवा स्पिनर मेंडिस का पक्ष लेते हुए कहा कि मीडिया ने उनके बारे में लगातार खबरें देकर दबाव बढ़ा दिया है।
उन्होंने भारत को अंधेरे में रखने के मंतव्य से कहा कि मेंडिस का तो इस टेस्ट में खेलना भी अभी पूरी तरह तय नहीं है। उन्होंने यह जरूर कहा कि भारतीय टीम को मेंडिस से सतर्क रहना चाहिए।
बहरहाल कुंबले ने श्रीलंका में टेस्ट जीतने की महत्ता को स्वीकार करते हुए कहा कि इसके लिए बल्लेबाजों, गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों को पूरा जोर लगाना पडे़गा। उन्होंने कहा कि हमें यह ध्यान रखना होगा कि यहाँ के मुश्किल हालात में 20 विकेट कैसे हासिल करें। इसके अलावा हमें पहली पारी में बड़ा स्कोर भी बनाना होगा।
उन्होंने कोलंबो की गर्मी और उमस भरे माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि यहाँ पर खिलाड़ियों को संभलकर खेलना होगा अन्यथा वे जल्द ही अपनी ऊर्जा खो देंगे। उन्होंने कहा कि वैसे तो श्रीलंका में हालात बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए मददगार होते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पहले खेलने वाले बल्लेबाज तफरीह करें अथवा गेंदबाज बहुत ज्यादा जोर लगाएँ।
उन्होंने भारतीय एकादश में चार गेंदबाजों को शामिल करने का संकेत देते हुए कहा कि इनके सहारे वह श्रीलंका को 2 बार आउट कर लेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी टीम में अनुभव और गुणवत्ता के लिहाज से काफी अच्छा संयोजन है। हमें अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन करने की जरुरत है।
अनुभवी लेग स्पिनर कुंबले ने एसएससी स्टेडियम के विकेट को बल्लेबाजी के मुफीद रहने की उम्मीद जताते हुए कहा कि इस पर काफी रन बनने की उम्मीद है, लेकिन उन्होंने खिलाड़ियों को गर्मी में सावधान रहने की हिदायत भी दी।
इसी टेस्ट से अंपायरों के फैसले को चुनौती देने वाला रेफरल सिस्टम शुरू किए जाने के बारे में पूछे जाने पर कुंबले ने कहा कि वह इसका स्वागत करते हैं, लेकिन अभी इसके बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम गलतियों से राहत पाने में दोनों टीमों और अंपायरों के लिए मददगार होगा।
|