एशिया कप के अहम मुकाबले में श्रीलंका पर 6 विकेट से मिली जीत के लिए भारतीय कप्तान महेंद्रसिंह धोनी ने सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग की तारीफ की है।
उन्होंने कहा इन दोनों ने शानदार शुरुआत कर टीम को श्रीलंका के खिलाफ छह विकेट से जीत दिलाने की नींव रखी।
धोनी ने कहा इन दोनों ने हमें टूर्नामेंट में कई बार बेहतरीन शुरुआत दिलाई। इससे बड़े स्कोर का पीछा करना आसान हो जाता है।
सहवाग और गंभीर ने पहले विकेट के लिए 11.4 ओवर में 92 रन की साझेदारी कर भारत को श्रीलंका के खिलाफ आसान जीत दर्ज करने के लिए अग्रसर किया।
उन्होंने कहा इस टूर्नामेंट में विकेट हालाँकि सपाट रहा है, इसलिए हमने 300 रन के स्कोर देखे हैं। फिर भी मध्यक्रम के बल्लेबाजों से दबाव कम करने के लिए आपको अच्छी शुरुआत की जरूरत होती है।
धोनी ने कहा सामान्य तौर पर अगर टीम को 300 रन के स्कोर का पीछा करना होता है तो मध्यांतर के दौरान उलझन और परेशानी रहती है, लेकिन इस टूर्नामेंट में पिचों के कारण हर कोई शांत है और जानता है कि इस लक्ष्य का पीछा करना संभव है।
उन्होंने कहा फाइनल में पहुँचने का अहसास काफी सुखद है, क्योंकि यह एक अच्छी टीम के खिलाफ होगा।
भारतीय कप्तान ने जोर देते हुए कहा कि टूर्नामेंट में गेंदबाजों का प्रदर्शन उनकी काबिलियत को देखने का सही आधार नहीं होगा।
धोनी ने कहा हमारे पास काफी प्रतिभाशाली और शानदार खिलाड़ियोंका ग्रुप है, लेकिन पिच में गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं है।
यहाँ तक कि स्पिनरों को टर्न कराने में काफी परेशानी हो रही है। इससे बल्लेबाजों पर ज्यादा जिम्मेदारी हो जाती है।
|