पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कोच ज्योफ लासन को हटाए जाने की खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि लासन पाकिस्तान टीम के कोच बने रहेंगे।
पीसीबी के अध्यक्ष नसीम अशरफ ने कहा कि इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है कि एशिया कप के बाद लासन को उनके पद से हटा दिया जाएगा।
इस तरह की किसी बात पर चर्चा नहीं हो रही है। अशरफ ने कहा कि लासन को हटाने का प्रश्न ही पैदा नहीं होता है। उन्होंने कहा कि लासन के नेतृत्व में टीम के प्रदर्शन में सुधार हो रहा है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के एशिया कप के फाइनल में नहीं पहुँच पाने के बाद मीडिया में ऐसी अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि लासन को उनके पद से हटाया जा सकता है, लेकिन अब पीसीबी की इन खबरों को खारिज करने के बाद लासन को काफी राहत मिली होगी।
लासन का पीसीबी के साथ 2 वर्ष का अनुबंध अगले वर्ष अगस्त में समाप्त होगा।
|