टीम इंडिया के उपकप्तान युवराजसिंह एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6000 रन पूरे करने वाले पाँचवें भारतीय और दुनिया के 38वें बल्लेबाज बन गए हैं।
युवराज एशिया कप टूर्नामेंट में सुपर कोर दौर में बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अपनी 37रन की पारी का चौथा रन बनाने के साथ ही इस आँकड़े पर पहुँच गए। उन्होंने अपने 210वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले उनके 209 मैचों में 5996 रन थे।
भारतीय बल्लेबाजों में युवराज से आगे चार पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन (334 मैच 9378 रन, राहुल द्रविड़ 333 मैच 10585 रन, सौरव गांगुली 311 मैच 11363 रन और सचिन तेंडुलकर 417 मैच 16361 रन, हैं। वे अब 210 मैचों में 6033 रन बना चुके हैं, जिनमें आठ शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं।
26 वर्षीय युवराज ने अपना वनडे करियर तीन अक्टूबर 2000 को नैरोबी में केन्या के खिलाफ शुरू किया था। बाएँ हाथ के इस बल्लेबाज को अपने पहले मैच में बल्लेबाजी का मौका नही मिल पाया था, लेकिन अगले ही मैच में उन्होंने विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 84 रन की मैच विजयी पारी खेली थी।
युवराज ने उसके बाद फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक दिवसीय क्रिकेट में सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ते हुए वे उपकप्तान पद तक पहुँच गए। युवराज ने इस महीने ढाका में त्रिकोणीय टूर्नामेंट में 55, 26 और 56 रन की पारियाँ खेली थीं। एशिया कप में पिछले मैचों में उन्होंने 48 और नाबाद 36 रन बनाए थे।
ट्वेंटी-20 क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के मारने का विश्व रिकार्ड अपने नाम करने वाले युवराज वनडे के मुकाबले टेस्ट मैचों में ज्यादा सफल नहीं रहे हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 23 मैचों में 1050 रन बनाए हैं, लेकिन वनडे में उनकी धुआँधार बल्लेबाजी का लोहा दुनिया के सभी गेंदबाज मानते हैं।
|