ऑस्ट्रेलियाई उपकप्तान माइकल क्लार्क पारिवारिक कारणों से वेस्टइंडीज दौरे पर रवाना नहीं हो रहे हैं। उनका इस श्रृंखला में खेलना भी संदिग्ध हो गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि क्लार्क को सिडनी में रहने की अनुमति दी गई है। वे शनिवार को वेस्टइंडीज रवाना नहीं होंगे।
क्लार्क के वेस्टइंडीज आने की तारीख अभी स्पष्ट नहीं है। माइकल हसी उनकी गैर मौजूदगी में उपकप्तान होंगे। सीए ने कहा कि जल्द ही क्लार्क की जगह किसी दूसरे बल्लेबाज के नाम की घोषणा की जाएगी।
ऑस्ट्रेलियाई अखबारों की वेबसाइट ने कहा कि क्लार्क अपनी मंगेतर के पिता की बीमारी के कारण सिडनी में ही रुके हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम वेस्टइंडीज दौरे पर पहला टेस्ट 22 मई से खेलेगी। इस दौरान तीन टेस्ट के अलावा एक ट्वेंटी-20 मुकाबला और पाँच वनडे भी खेले जाएँगे।
|