पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने खर्चों का विस्तृत लेखा-जोखा देते हुए खेल और संस्कृति मामलों की सीनेट की स्थायी समिति को बताया कि उसने पिछले दस माह में 1 अरब 20 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। समिति के एक सदस्य ने यह जानकारी दी।
बोर्ड और क्रिकेट टीम की कार्यशैली पर एक और सुनवाई के दौरान आज बोर्ड ने सीनेट समिति को बैलेंस शीट और वित्तीय जानकारी उपलब्ध कराई जिससे इन खर्चों के बारे में पता चला।
यह बैठक समिति के कुछ सदस्यों के आग्रह पर की गई थी, जो बोर्ड के वित्तीय मामलों और बैंक खातों की जाँच चाहते थे।
सीनेटर अनवर बेग ने कहा कि बोर्ड अधिकारियों ने आज खातों की विस्तृत जानकारी जमा करा दी है और उनसे कुछ सवाल पूछे गए हैं, जिनका विस्तृत जवाब उन्हें 29 मई तक देना है।
पीसीबी अध्यक्ष नसीम अशरफ ने आलोचक बेग ने कहा उन्होंने हमें जो बैलेंस शीट सौंपी है वह काफी जटिल है और कुछ चीजों को स्पष्ट करने की जरूरत हैं लेकिन उन्होंने हमें जो जानकारी दी है उससे पता चलता है कि उन्होंने 10 माह में एक अरब 20 करोड़ रुपये खर्च किए। हमने उनसे जवाब माँगा है कि उन्होंने यह पैसा कहाँ खर्च किया।
|