पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान शोएब मलिक ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नियमों में ऐसा कुछ नहीं है कि उससे अनुबंधित क्रिकेटर किसी शराब के ब्रांड से नहीं जुड़ सकता।
आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेल रहे मलिक ने शराब बनाने वाली कंपनी की टीम बंगलोर रॉयल चैलेंजर के लिए खेल रहे मिस्बाह उल हक के लिएपीसीबी की चिंता के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
मलिक ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में इस बारे में किसी प्रकार का नियम नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मामला पीसीबी को देखना है। मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहता। मैं अपना सारा ध्यान कल यहाँ चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले मैच पर लगा रहा हूँ किसी और चीज पर नहीं।
यह पूछने पर कि शोएब अख्तर का आईपीएल में कैसा प्रदर्शन रहेगा? मलिक ने कहा कि मैं पिछले तीन माह से भारत में हूँ। मुझे नहीं मालूम वह इस समय कैसे हैं और उनकी तैयारियाँ कैसी चल रही हैं। वह जरूर अभ्यास कर रहे होंगे। दरअसल वह एक महान गेंदबाज हैं।
मलिक ने कहा कि वह अभी तक आईपीएल में अपने प्रदर्शन से खुश नहीं हैं और बेहतर प्रदर्शन के लिए अभी और मेहनत कर रहे हैं।
|