मुख्य पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
हरभजन ने बोर्ड से एक और मौका माँगा
बीसीसीआई द्वारा कुछ मैचों का प्रतिबंध लगाए जाने की संभावना के बीच हरभजनसिंह ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से अपील की है कि अनुशासनात्मक कार्रवाई से पहले उन्हें एक मौका और दिया जाए।

भारतीय टीम में अपने साथी खिलाड़ी एस. श्रीसंथ को थप्पड़ मारने के कारण आईपीएल द्वारा पहले ही प्रतिबंधित आफ स्पिनर हरभजनसिंह ने बीसीसीआई को ताजा पत्र भेजा है।

दो दिन बाद बोर्ड द्वारा नियुक्त आयुक्त सुधीर नानावटी अहमदाबाद में मामले की अनुशासनात्मक सुनवाई करने वाले हैं। एनडीटीवी ने कहा कि अपने पत्र में हरभजन ने लिखा है कि उन्होंने श्रीसंथ से माफी माँग ली है और सरेआम दोबारा माफी माँगने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि इस मामले में दिल से माफी माँगने के बाद मैं बोर्ड से अपील करूँगा कि मेरे खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने से पहले मुझे एक मौका और दिया जाए।

आईपीएल की संचालन परिषद ने उन्हें पहले ही दंडित कर दिया है। अब बीसीसीआई उन्हें आईसीसी की आचार संहिता के लेवल चार के अपराध के तहत अलग से सजा देगी। इसमें आजीवन प्रतिबंध या न्यूनतम पाँच टेस्ट या दस वनडे का प्रतिबंध लग सकता है।

बीसीसीआई के सचिव निरंजन शाह ने संपर्क करने पर कहा कि हरभजन ने कई पत्र लिखे हैं लेकिन वह इनका ब्यौरा नहीं दे सकते। उन्होंने कहा जांच चल रही है। हमें रिपोर्ट का इंतजार है। आईपीएल आयोजकों से सजा मिलने के बाद बीसीसीआई भी इस विवादास्पद गेंदबाज के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा कि बोर्ड हरभजन के खिलाफ कार्रवाई करेगा ताकि ऐसी घटनाएँ क्रिकेट के मैदान पर दोबारा ना हो। ऐसी अटकलें हैं कि हरभजन पर दस वनडे मैचों के प्रतिबंध के अलावा भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

उधर नानावटी ने कहा कि घटना के फुटेज से ऐसा नहीं लगता है कि हरभजन को उकसाया गया था। उन्होंने कहा कि मुझे किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान युवराजसिंह मुंबई इंडियंस के कोच लालचंद राजपूत या मोहाली टीम मैनेजर से भी बात करनी होगी।

यदि नानावटी पाते हैं कि हरभजन को उकसाया नहीं गया था तो वह इस स्पिनर को कड़ी सजा दे सकते हैं। उन्होंने कल कहा था कि घटना की वीडियो फुटेज देखकर वह स्तब्ध रह गए।
और भी
अन्य बल्लों से खेलने की अनुमति नहीं
आईसीसी का टेस्ट क्रिकेट पर जोर
अंपायरों के एलीट पेनल में बदलाव होंगे
भारत चौथी जीत के साथ फाइनल में
आईसीसी की प्रसारण-प्रायोजन फोरम दुबई में
अकरम ने शोएब और पीसीबी को लताड़ा