मुख्य पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
भारत चौथी जीत के साथ फाइनल में
रूमेली धर के ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत ने अपना विजय अभियान जारी रखकर आज डाम्बुला में बांग्लादेश को पाँच विकेट से करारी शिकस्त देकर एशिया कप महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई।

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन कप्तान सलमा खातून की 90 रन की शानदार पारी के बावजूद उसकी टीम 50 ओवर में 160 रन पर आउट हो गई। भारत की सभी बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान दिया और केवल 41 ओवर में पाँच विकेट पर 161 रन बनाकर जीत दर्ज की। करुणा जैन ने सर्वाधिक 33 जबकि रूमेली ने 31 रन बनाए।

भारत की यह लगातार चौथी जीत है जबकि बांग्लादेश तीसरी हार से फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गया है। भारतीय टीम को बीच में केवल तभी थोड़ा संघर्ष करना पड़ा जब सलमा खातून और पन्ना घोष (24) ने चौथे विकेट के लिए 64 रन की भागीदारी की। बांग्लादेश की तरफ से इन दोनों के अलावा केवल इरिन सुल्ताना ही दोहरे अंक में पहुँच पाई।

खातून को आखिर में रूमेली ने गौहर सुल्ताना के हाथों कैच कराया। उन्होंने अपनी पारी में 140 गेंद का सामना किया तथा 20 चौके लगाये। भारत की तरफ से रूमेली के अलावा तिरुष कामिनी और प्रियंका राय ने भी दो-दो विकेट लिए। मिताली राज की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभाल रही झूलन गोस्वामी ने एक विकेट लेकर अपने कुल विकेटों की संख्या 99 पर पहुँचाई।

अनगा देशपांडे और कामिनी (दोनों 18 रन) ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। कामिनी के अलावा आशा रावत (18) और प्रियंका राय (13) के रन आउट होने से भारतीय टीम थोड़ा दबाव में दिख रही थी लेकिन रूमेली और करुणा ने फिर से अच्छी बल्लेबाजी करके टीम पर कोई संकट नहीं आने दिया। झूलन गोस्वामी 23 रन बनाकर नाबाद रही।

भारत का फाइनल में श्रीलंका से मुकाबला लगभग तय है। श्रीलंका ने कुरुनगल्ला में खेले गए एक अन्य मैच में पाकिस्तान की महिला टीम को 45 रन से हराया। श्रीलंका के इस जीत से चार मैच में तीन जीत के साथ 15 अंक हो गये हैं और उससे केवल भारत (18 अंक) ही आगे हैं। पाकिस्तान की यह लगातार चौथी हार है।

श्रीलंका की टीम ने टास गँवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 194 रन बनाए। उसकी तरफ से इशानी कौशल्या ने 44 और कप्तान शशिकला श्रीवर्धने ने 34 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए कप्तान उरूज मुमताज ने 57 रन की पारी खेली लेकिन सज्जदा शाह (27) के अलावा उन्हें किसी अन्य का सहयोग नहीं मिला और उसकी टीम 149 रन पर सिमट गई।

कौशल्या ने गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया और 25 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि चामरी कुमारिहामी ने 26 रन देकर चार खिलाड़ियों को पैवेलियन भेजा। भारत का अगला मुकाबला आठ मई को श्रीलंका से होगा।
और भी
आईसीसी की प्रसारण-प्रायोजन फोरम दुबई में
अकरम ने शोएब और पीसीबी को लताड़ा
शान टैट वापसी को तैयार
एशेज ‍सिरीज का कार्यक्रम घोषित
दिल्ली-मुंबई की टीमें ग्रुप ए में
भारत ने पाकिस्तान को 182 रन से रौंदा