भारत के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन आज सैकड़ा जड़ने वाले जैक्स कैलिस ने टेस्ट क्रिकेट में 30वें शतक के साथ ही सर डान ब्रैडमेन को पीछे छोड़ दिया। वह सर्वाधिक टेस्ट शतक जमाने वाले दुनिया के छठे बल्लेबाज हो गए।
कैलिस ने 132 रन की पारी खेली जो भारत के खिलाफ उनका सर्वोच्च स्कोर भी है। वह 30 टेस्ट शतक बनाने वाले दक्षिण अफ्रीका के पहले और दुनिया के छठे बल्लेबाज हो गए।
उनसे ज्यादा शतक सचिन तेंडुलकर (39), रिकी पोंटिंग (34), सुनील गावस्कर (34), ब्रायन लारा (34) और स्टीव वॉ (32) के नाम है। ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन ने भी 30 टेस्ट शतक बनाए हैं।
इस शतक के साथ ही कैलिस का बल्लेबाजी औसत चौथे नंबर पर 70 हो गया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए यह उनका 21वाँ शतक है। दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट पर 494 रन बना लिए हैं, जो अहमदाबाद में उसका सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले उसने 1996-97 में यहाँ 244 रन बनाए थे।
एबी डिविलियर्स अहमदाबाद में दोहरा शतक जमाने वाले पहले विदेशी और कुल तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सचिन तेंडुलकर (1999-2000 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 217 रन) और राहुल द्रविड़ (न्यूजीलैंड के खिलाफ 2003-04 में 222 रन) यह कमाल कर चुके हैं।
कैलिस और डिविलियर्स ने 256 रन की साझेदारी की जो भारत के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की ओर से किसी भी विकेट के लिए रिकॉर्ड है। इससे पहले गैरी कर्स्टन और एंड्रयू हडसन ने 1996-97 में कोलकाता में पहले विकेट के लिए 236 रन जोड़े थे।
|