अपने जमाने के धुरंधर भारतीय क्रिकेटर और इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) के कार्यकारी बोर्ड अध्यक्ष कपिल देव ने कहा है कि पाकिस्तान के विवादास्पद तेज गेंदबाज शोएब अख्तर को आईसीएल में नहीं शामिल किया जाएगा।
एक निजी टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में कपिल देव ने कहा कि यदि शोएब पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने प्रतिबंध लगा दिया है तो उनका हमारे टूर्नामेंट में स्वागत नहीं है।
इसके बाद भी यदि शोएब आईसीएल में शामिल होना चाहते हैं तो भी हम उन्हें शरण नहीं देंगे। हालाँकि उन्होंने कहा कि हम साफ छवि वाले क्रिकेटरों का स्वागत करते हैं और यदि शोएब इन आरोपों से मुक्त हो जाते हैं तो वे आईसीएल में खेल सकते हैं।
गौरतलब है कि पीसीबी ने हाल में अनुशासनहीनता के आरोप में शोएब अख्तर पर पाँच साल का प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद पीसीबी के अध्यक्ष नसीम अशरफ ने उन्हें और बोर्ड को बदनाम करने के लिए शोएब के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने की योजना के तहत अदालती नोटिस भेजा है।
|