मुख्य पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
यह वीरू की इच्छाशक्ति का कमाल था-कोच
रिकॉर्डों की बौछार के साथ अपने आलोचकों को करारा जवाब देने वाले वीरेंद्र सहवाग के कोच का मानना है कि वीरू का बल्ला किसी मनोवैज्ञानिक की सलाह के बाद नहीं चला बल्कि यह उसकी अपनी इच्छाशक्ति का कमाल था।

पिछले एक साल से भारतीय टीम से भीतर बाहर होते रहे सहवाग ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चेन्नई में पहले क्रिकेट टेस्ट में 319 रन की आतिशी पारी खेलकर अपने पुराने तेवर दिखाए। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज तिहरा शतक जड़ा और दो बार 300 रन बनाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज हो गए।

खराब फार्म से उबरने के लिए सहवाग ने पिछले दिनों भारतीय टीम के नए मानसिक अनुकूलन विशेषज्ञ पैडी उपटन से लंबी बातचीत की थी।

सहवाग के कोच एएन शर्मा ने कहा मैं नहीं मानता कि किसी मनोवैज्ञानिक को इसका श्रेय जाता है। यदि ऐसा था तो कल बाकी टीम क्यों फ्लाप हो गई। फिर तो हर खिलाड़ी को 300 रन बनाने चाहिए थे। यह वीरू की अपनी इच्छाशक्ति थी कि वह ऐसा बेजोड़ खेले।

उन्होंने कहा वीरू की यह पारी बेहद जरूरी थी क्योंकि उनकी आलोचना करने वाले ज्यादा मुखर हो चले थे। हर कोई उन पर अँगुली उठा रहा था।

सहवाग के खराब फार्म की वजह पूछने पर शर्मा ने कहा जब रन नहीं बनते तो हर कोई नुक्स निकालने लगता है। फार्म अस्थायी होता है क्लास स्थायी। सहवाग ने अपने इसी क्लास का प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि सहवाग की ना तो तकनीक में कोई गड़बड़ थी और ना ही आत्मविश्वास में कमी थी। कोच ने बताया कि सहवाग ने खराब दौर में नेट पर काफी पसीना बहाया और जूनियर खिलाड़ियों के साथ स्थानीय टूर्नामेंट खेलकर टीम में वापसी की।

उन्होंने कहा तपती धूप में भी वह अभ्यास के लिए आते थे। मैं उनके टीम में नहीं होने से तनाव में था तो वह मुझे ढाँढस बँधाता था। वह बहुत परिपक्व और ईमानदार खिलाड़ी हैं और उन्होंने यह साबित कर दिया है।

ब्रायन लारा का नाबाद 400 रन का रिकार्ड नहीं तोड़ पाने का मलाल सहवाग के कोच को नहीं है। उन्होंने कहा क्रिकेट रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं खेला जाता। रिकार्ड तो बन जाते हैं।
और भी
पहला टेस्ट मैच ड्रॉ
पाक टीम में शोएब और आसिफ नहीं
टीवी-18 ने जीता डीएससीएल ट्‍वेंटी-20 टूर्नामेंट
धोनी ने क्रोन्ये की याद दिलाई-कर्स्टन
धोनी भारतीय क्रिकेट के रजनीकांत-श्रीकांत
ब्रेकन का आईपीएल में खेलना संदिग्ध