गेंदबाजों की कब्रगाह बनी पिच पर भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला क्रिकेट टेस्ट अपेक्षाओं के अनुरूप ड्रॉ रहा। इसे वीरेंद्र सहवाग के आतिशी तिहरे शतक के लिए याद रखा जाएगा। मैन ऑफ द मैच वीरेन्द्र सहवाग चुने गए। पहली पारी में 94 रन बनाने वाले 32 वर्षीय के मैकेंजी ने एमए चिदंबरम स्टेडियम की मुर्दा पिच पर एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए 155 रन बनाए। पाँचवें दिन भी पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल सकी।
भारत के लिए गेंदबाजों का चमत्कारिक प्रदर्शन जीत की कुंजी हो सकता था, लेकिन पिच उनके लिए खलनायक साबित हुई। मैच ड्रॉ होने से पहले दक्षिण अफ्रीका ने पाँच विकेट पर 331 रन बना लिए थे।
कल के स्कोर एक विकेट पर 131 रन से आगे खेलते हुए मैकेंजी और हाशिम अमला (81) ने सुबह के सत्र में भारतीय गेंदबाजों को मैच का रुख किसी नतीजे की ओर करने का कोई मौका नहीं दिया। भारतीयों ने जैक कैलिस (19), एशवैल प्रिंस (5) और एबी डिविलियर्स (11) जैसे बल्लेबाजों को सस्ते में आउट जरूर किया, लेकिन मैकेंजी ने 445 मिनट तक एक छोर संभाले रखा।
दोनों टीमों ने पाँच दिन के भीतर 1498 रन बनाए और बल्लेबाजी के कई नए रिकॉर्ड बने। दूसरा टेस्ट तीन अप्रैल से अहमदाबाद में खेला जाएगा। अपना 43वाँ टेस्ट खेल रहे मैकेंजी ने लंच के बाद कुंबले के ओवर में दो चौके लगाकर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 184 गेंद का सामना करके 11 चौके लगाए। पहली पारी में 13 रन पर आउट हुए कैलिस स्क्वेयर लेग में आरपी सिंह को कैच देकर आउट हुए। इसके बाद हरभजन ने प्रिंस को अगले ही ओवर में पैवेलियन भेजा। प्रिंस ने फारवर्ड शॉर्टलेग पर वसीम जाफर को आसान-सा कैच थमाया। दूसरे विकेट के लिए हाशिम अमला के साथ 46.3 ओवर में 157 रन जोड़ने वाले मैकेंजी ने कैलिस के साथ 54 रन की साझेदारी की। कैलिस ने भारत के खिलाफ सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज होने का श्रेय हासिल कर लिया। उन्होंने गैरी कर्स्टन का दस टेस्ट में 720 रन का रिकॉर्ड तोड़ा।
इससे पहले सुबह के सत्र में कुंबले ने अमला (81) को पैवेलियन भेजकर मैकेंजी के साथ उनकी साझेदारी को तोड़ा। अमला गेंद के टर्न को समझ नहीं सके और स्लिप में राहुल द्रविड़ को कैच दे बैठे। उस समय दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 210 रन था। अमला को 55 और 72 के स्कोर पर हरभजन और आरपी की गेंद पर जीवनदान मिला। पहले श्रीसंत ने फाइन लेग में उनका कैच छोड़ा। बाद में आरपी रिटर्न कैच नहीं ले सके।
मैच में दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के 540 रन के जवाब में भारत ने 627 रन बनाए थे। वीरेंद्र सहवाग (319) ने टेस्ट क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज की सर्वोच्च पारी खेली और राहुल द्रविड़ (111) दस हजारी क्लब में शामिल हो गए सहवाग हालाँकि ब्रायन लारा का नाबाद 400 रन का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए, लेकिन उन्होंने किसी भारतीय बल्लेबाज की सर्वोच्च टेस्ट पारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ 2004 के मुल्तान टेस्ट में उन्होंने 309 रन बनाये थे।
द्रविड़ (111) ने भी अपना नाम इतिहास पुस्तिका में दर्ज करा लिया। अपने 25वें टेस्ट शतक के साथ ही वे 10000 रन पूरे करने वाले दुनिया के छठे और भारत के तीसरे बल्लेबाज हो गए।
|