एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुक्रवार को वीरेंद्र सहवाग के कत्लेआम का शिकार दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को उम्मीद है कि शनिवार को जब खेल शुरु होगा, तब वे नजफगढ़ के नवाब पर नकेल कसने में कामयाब होंगे।
दक्षिण अफ्रीका के कोच मिकी ऑर्थर ने स्वीकार किया कि आज का दिन सहवाग के नाम रहा जो 292 गेंद में 309 रन बनाने के बाद भी क्रीज पर डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कल टीम का पहला लक्ष्य इस आक्रामक बल्लेबाज को शांत करना होगा।
दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के 540 रन के जवाब में तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर भारत के एक विकेट पर 468 रन बनाने के बाद आर्थर ने कहा हम बैठकर योजना बनाएँगे कि उनको और अन्य खिलाड़ियों को कैसा रोका जाए जिससे कल भारत बड़ी बढ़त न बना पाए। उम्मीद है कि हम भारत को इतनी तेजी से रन बनाने और बड़ी बढ़त हासिल करने से रोक पाएँगे।
उन्होंने कहा हम कल दूसरी नई गेंद लेंगे और पहले 15 ओवर अहम रहेंगे। हम सहवाग को रोकने का प्रयास करेंगे। वह जरूर चार सौ रन से अधिक की पारी खेलने के बारे में सोच रहे होंगे।
|