दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज नील मैकेंजी ने भारत के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के शुरुआती दिन 94 रन की अपनी पारी में साढ़े तीन किलो वजन घटाया। इस कारण टीम डॉक्टर मोहम्मद मूसाजी काफी चिंतित हैं।
चेन्नई की 35 डिग्री सेल्सियस की उमस भरी गर्मी के कारण इस दक्षिण अफ्रीकी स्टार खिलाड़ी ने क्रीज पर प्रत्येक घंटे में एक किलो वजन घटाया। इस बल्लेबाज ने अपनी इस पारी से टीम को 540 रन का विशाल लक्ष्य बनाकर मजबूत नींव रखने में मदद की।
चिंतित मूसाजी ने कहा कि एक दिन में साढ़े तीन किलो वजन घटाना चिंता का विषय है। औसतन यह एक या दो किलो के बीच तक ही होना चाहिए इससे ज्यादा नहीं।
दक्षिण अफ्रीका के दैनिक अखबार ने उनके हवाले से लिखा 35 डिग्री सेल्सियस के तापमान और 70 से 80 प्रतिशत की उमस में हमें उनकी पानी की मात्रा गर्मी सहनशीलता पोषण और इससे उबरने की क्षमता का ध्यान रखना पड़ेगा।
मूसाजी ने कहा कि मैंकेजी ने दोबारा कुछ वजन बढ़ा लिया है और मैच के बाद वह फिर से अपना वही वजन वापस पा लेगा। मूसाजी ने कहा नील ने पानी पोषक तत्वों और खाने से ढाई किलो के करीब वजन वापस पा लिया है।
मूसाजी ने कहा कि पानी की कमी खिलाड़ियों के लिए समस्या बन सकती है और वे खिलाड़ियों के शरीर के तापमान को बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करते हैं।
उन्होंने कहा कि क्रिकेटरों और साइकल सवार या रेसिंग ड्राइवरों के बीच अंतर यही है कि क्रिकेटर हमेशा अपने साथ पानी नहीं रख सकते। वे अंपायरों की मर्जी पर ही ऐसा कर सकते हैं।
|