कोषों के कथित दुरूपयोग के मामले में मुंबई पुलिस द्वारा आरोप-पत्र दाखिल किए जाने से स्तब्ध बीसीसीआई के पूर्व प्रमुख जगमोहन डालमिया ने इस कार्रवाई को उन्हें क्रिकेट प्रशासन से दूर रखने की क्रिकेट बोर्ड में उनके विरोधियों की रक्षात्मक कदम करार दिया है।
डालमिया ने मुंबई से लौटने के बाद यहाँ पत्रकारों से कहा कि यह आरोप-पत्र रक्षात्मक कदम है। मैं इसे चुनौती के रूप में ले रहा हूँ।
डालमिया को 1996 विश्व कप के 2 करोड़ 90 लाख रुपए के कथित दुरूपयोग के मामले में कल मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार करके जमानत पर रिहा कर दिया था।
बंगाल क्रिकेट संघ की 26 फरवरी को हुई विशेष आमसभा का जिक्र करते हुए डालमिया ने आरोप लगाया कि जब भी वह क्रिकेटिया मसलों से जुड़े तो उन्हें परेशान किया गया।
उन्होंने कहा वे मुझे परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले कुछ साल से वे मुझे दोषी साबित करने के प्रयास में हैं, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिल सकी है।
|