मुख्य पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
इंग्लैंड दौरे पर देर से पहुँचेंगे कीवी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) समर्थित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से जुड़े न्यूजीलैंड के पाँच खिलाडि़यों को इंग्लैंड दौरे पर एक सप्ताह देर से पहुँचने की इजाजत मिल गई है।

न्यूजीलैंड टीम अगले महीने के अंत में इंग्लैंड दौरे पर जाएगी लेकिन 18 अप्रैल से शुरू हो रहे आईपीएल के पहले ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में खेलने के कारण डेनियल वेटोरी, जैकब ओरम, ब्रैंडन मैकुलम, काइल मिल्स और रोस टेलर टीम के साथ इंग्लैंड नहीं जा सकेंगे।

न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने इन खिलाड़ियों को देर से इंग्लैंड पहुँचने की इजाजत देते हुए ओवल में होने वाले पहले टेस्ट से दो सप्ताह पहले एक मई तक इंग्लैंड पहुँचने को कहा है। ये खिलाड़ी एमसीसी और कैंट के खिलाफ अभ्यास मैच नहीं खेल पाएँगे, लेकिन ओवल टेस्ट से पहले होने वाले चार वॉर्म-अप मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

एनजेडसी के मुख्य कार्यकारी जस्टिन वान ने कहा कि इस संबंध में हमारे बीच जो सहमति बनी है वह खेल के हित में है। उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेल रहे खिलाड़ियों के लिए तैयारी के लिए दो सप्ताह का समय पर्याप्त है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक क्रिकेट का परिदृश्य तेजी से बदल रहा है, इसलिए हमें भी इसके अनुरूप अपने आपको ढालने के लिए लचीला रुख अपनाना पड़ेगा। वान ने कहा कि इस बारे में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड से भी सलाह ली गई थी और उसने भी कीवी खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने पर पूर्ण सहमति जताई है।
और भी
न्यूजीलैंड के खिलाड़ी औसत में अव्वल
कुंबले ने 33वीं बार किया कॉट एवं बोल्ड
मैदान पर फिर एंग्री यंग मैन बने श्रीसंथ
कैरेबियाई जमीन पर श्रीलंका की पहली जीत
गावस्कर ने स्पीड से मुलाकात की
एक अप्रैल को पेश होंगे शोएब अख्तर