एस. श्रीसंथ भले ही दावा करते हों कि योग और ध्यान से उन्हें संयमित होने में मदद मिली है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के शुरुआती दो दिन तो मैदान पर केरल का यह तेज गेंदबाज पूरी तरह से 'एंग्री यंग मैन' नजर आया।
पहले दिन नाकाम रहे श्रीसंथ ने आज दूसरे दिन फिर अपने आक्रामक तेवर दिखाए। तीसरे ओवर की पहली गेंद फेंकने के बाद वह एबी डिविलियर्स के पास धमकाने वाले अंदाज में दौड़ते हुए आए और कुछ कहा भी।
डिविलियर्स ने अपने बल्ले से जवाब दिया और श्रीसंथ के ओवर में चौका जड़कर बदला चुकता कर डाला। डिविलियर्स जब श्रीसंथ की ही गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे तो उनके पैवेलियन लौटते समय केरल के इस तेज गेंदबाज ने घूरते हुए चिल्लाना शुरू कर दिया।
मामला बिगड़ता देख स्थानापन्न क्षेत्ररक्षक युवराजसिंह दौड़कर आए और श्रीसंथ को खींचकर ले गए। वैसे श्रीसंथ का जश्न मनाने का अंदाज अंपायर टोनी हिल को रास नहीं आया और ओवर के आखिर में उन्होंने श्रीसंथ को चेतावनी भी दी।
|