पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ अगले महीने बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय अंतराष्ट्रीय क्रिकेट सिरीज में नहीं खेलेंगे।
पाकिस्तानी कोच ज्योफ लॉसन ने संवाददाताओं से कहा कि आसिफ 8 अप्रैल से शुरू हो रही पाँच वनडे मैचों की सिरीज में नहीं खेलेंगे क्योंकि कोहनी की सर्जरी के बाद अभी वह पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं।
लॉसन ने कहा कि आसिफ के अलावा हमारे सभी खिलाडी बांग्लादेश सिरीज के लिए फिट हैं और यह हमारे लिए फायदे वाली बात है। हालाँकि आसिफ भी शीघ्र ही टीम में वापसी करेंगे।
आसिफ अक्टूबर से ही कोहली की समस्या के कारण क्रिकेट से दूर हैं और इसी कारण वह 2007 के विश्व कप में भी नहीं खेल पाए थे। हालाँकि आसिफ ने नेट में अभ्यास शुरू कर दिया है और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने को लेकर आशान्वित हैं।
25 वर्षीय आसिफ ने बताया कि मेरे लिए यह बहुत खुशी की बात है कि मैं अपने आदर्श ग्लेन मैग्राथ के साथ ही आईपीएल में खेलूंगा और उनके काफी कुछ सीखूँगा।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए मैग्राथ जैसे महान गेंदबाज से यह सीखने का दुर्लभ अवसर होगा। आईपीएल में मुझे उनके साथ करीब एक महीने खेलने का अवसर मिलेगा।
|