मुख्य पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
यूसुफ, अफरीदी को टीम में नहीं चाहते लासन
मोहम्मद यूसुफ भले ही क्रिकेट के दोनों प्रारूपों में बेजोड़ बल्लेबाज माने जाते हों लेकिन कोच ज्योफ लासन ने पाक बोर्ड से साफ कह दिया है कि वह इस वरिष्ठ बल्लेबाज को वनडे टीम में नहीं रखना चाहते क्योंकि वह क्षेत्ररक्षण में काफी कमजोर हैं।

पीसीबी की संचालन समिति की हाल में हुई बैठक में लासन को सदस्यों के कुछ कड़े सवालों का सामना करना पड़ा लेकिन लासन यूसुफ और शाहिद अफरीदी के मामले में अपनी बात पर अडिग रहे।

लाहौर में हुई इस बैठक के बाद पीसीबी सूत्रों ने बताया कि लासन का मानना है कि यूसुफ को वनडे टीम में नहीं रखा जाना चाहिए क्योंकि उसका क्षेत्ररक्षण बहुत ही कमजोर है। इसके अलावा लगभग तीन सौ वनडे खेल चुके अफरीदी को भी इसी आधार पर टीम में नहीं रखा जाना चाहिए।

सूत्रों ने बताया कि लासन ने जिम्बॉब्वे के खिलाफ खेली श्रृंखला की अपनी उस रिपोर्ट को बैठक में करीब-करीब दोहरा दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि यूसुफ को वनडे क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए।

यूसुफ ने 256 वनडे मैचों में 8873 रन बनाए हैं लेकिन लासन इन आँकड़ों से प्रभावित नहीं हैं। उनका मानना है कि यूसुफ का कमजोर फिटनेस स्तर टेस्ट के लिए तो ठीक हो सकता है लेकिन सीमित ओवर के मुकाबलों में वह नहीं चलेगा।

अफरीदी के बारे में लासन का मानना है कि वह निरंतर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है। इसके अलावा टीम के अन्य सदस्यों का मानना है कि वह मीडिया को सूचानाएँ लीक करता है।

लासन को बैठक में अफरीदी के बारे में की गई टिप्पणी के बारे में काफी कुछ सुनना पड़ा। लासन ने कप्तान शोएब मलिक और मिसबाह उल हक की जम कर प्रशंसा की है।

कोच लासन ने मिसबाह की विशेष रूप से तारीफ करते हुए बैठक में सदस्यों को बताया कि वह क्षेत्ररक्षण के मामले में उम्रदराज होने के बावजूद काफी मेहनत कर रहा है जबकि कप्तान मलिक कप्तान के रूप में तेजी पकड़ रहा है और उसे अपनी टीम के साथियों का भी पूरा समर्थन हासिल है।

कोच लासन ने इस बात पर जोर दिया कि अगर पाकिस्तान की टीम को लगातार मैच जीतने हैं तो उसे अपने क्षेत्ररक्षण में सुधार करना ही होगा।
और भी
छींटाकशी पर प्रतिबंध लगाना मुश्किल-अटापट्टू
तबाही से बचाएँगे नए प्रधानमंत्री-इंजी
द.अफ्रीका को अपनी सीमा पता है-बाउचर
जयवर्धने का शानदार शतक
राजपूत को नई भूमिका का इंतजार
श्रीलंका के पाक दौरे में आईपीएल बाधक