शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
Written By भाषा

श्रेयशी ने रजत पदक जीता, निशानेबाजों का अच्छा प्रदर्शन जारी

श्रेयशी ने रजत पदक जीता, निशानेबाजों का अच्छा प्रदर्शन जारी -
FC
ग्लास्गो। युवा निशानेबाज श्रेयशी सिंह ने रजत जबकि मोहम्मद असब ने कांस्य पदक जीता जिससे भारतीय निशानेबाजों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 20वें राष्ट्रमंडल खेलों की प्रतियोगिताओं के चौथे दिन तीन और पदक जीते।

22 वर्षीय श्रेयशी ने महिला डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता को राष्ट्रमंडल खेलों में उनका पहला पदक है। भारत ने अब तक 20 पदक जीते हैं जिसमें निशानेबाजों ने सर्वाधिक नौ पदक हासिल किए हैं।

मोहम्मद असब ने भी भारतीय निशानेबाजी टीम को जश्न मनाने का मौका दिया, जब उन्होंने बैरी बुडोन सेंटर में पुरुष डबल ट्रैप स्पर्धा का कांस्य पदक जीता।

पूनम यादव ने रविवार को यहां भारोत्तोलन में महिलाओं के 63 किग्रा वर्ग में कुल 202 किग्रा का भार उठाकर कांस्य पदक हासिल किया, जो भारत इस प्रतियोगिता में सातवां पदक है।

रविवार के दिन के तीन पदक के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 20 हो गई है जिसमें पांच स्वर्ण, आठ रजत और सात कांस्य पदक शामिल है। भारत ने पदक तालिका में अपना पांचवां स्थान बरकरार रखा है।

ऑस्ट्रेलिया 19 स्वर्ण, 14 रजत और 21 कांस्य पदक के साथ शीर्ष पर चल रहा है। इंग्लैंड 18 स्वर्ण, 14 रजत और 15 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान हैं। स्कॉटलैंड (11 स्वर्ण, छह रजत और आठ कांस्य) तीसरे जबकि कनाडा (सात स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य) चौथे स्थान पर चल रहा है।

श्रेयशी ने फाइनल में 92 अंक के साथ रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक विजेता इंग्लैंड की चालरेट केरवुड ने 94 शाट सही निशाने मारे। इंग्लैंड की ही रेशेल पारिश 91 अंक के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रही। उन्होंने शूट आफ में कनाडा की सिंथिया माएर को हराया।

पहले राउंड में 22 अंक के कारण श्रेयशी तीसरे राउंड के बाद तीसरे स्थान पर चल रही थी। दिल्ली की दिल्ली की इस निशानेबाज ने हालांकि अंतिम राउंड में बेहतर प्रदर्शन करते हुए बैरी बुडोन सेंटर में रजत पदक जीत लिया।

राष्ट्रमंडल खेलों की रिकार्ड धारक केरवुड (106 अंक, 2006 मेलबर्न में) अंतिम राउंड में जूझती दिखी। श्रेयशी के पास स्वर्ण पदक के लिए शूट आफ कराने का मौका था लेकिन ‘डबल टारगेट’ से दो बार चूकने के कारण उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

श्रेयशी ने चार राउंड में 22, 24, 23 और 23 के स्कोर बनाए। स्पर्धा में हिस्सा ले रही एक अन्य भारतीय 20 वर्षीय वर्षा वर्मन 88 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रही। उन्होंने 22, 19, 24 और 23 के स्कोर बनाए।

दूसरी तरफ असब ने पुरुष डबल ट्रैप स्पर्धा का कांस्य पदक जीता। मेरठ के 26 वर्षीय असब ने फाइनल में माल्टा के नाथन शुएरेब को पछाड़ा। असब ने 26 जबकि नाथन ने 24 अंक जुटाए। एक अन्य भारतीय अंकुर मित्तल फाइनल के लिए दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वालीफाई करने के बाद पांचवें स्थान पर रहे।

दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में चार साल पहले उप विजेता रही भारत की महिला टेबल टेनिस टीम को कांस्य पदक के प्ले आफ मुकाबले में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

ऑस्ट्रेलिया की जीत की स्टार 23 वर्षीय जियू झांग रही जिन्होंने के शमिनी और मधुरिका पाटकर के खिलाफ दो एकल मुकाबले जीते। उसने पाटकर के खिलाफ चौथे मुकाबले में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए आस्ट्रेलिया की जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई।

पांचवें और निर्णायक मुकाबले में 6-2 से आगे चल रही पाटकर जीत के करीब पहुंचती लग रही थी लेकिन रक्षात्मक खेल और सहज गलतियों का उसे खामियाजा भुगतना पड़ा। वह आखिर में 9-11, 11-5, 11-8, 8-11, 9-11 से हार गई। (भाषा)